Friday, September 25, 2026
Home Health Health: रात में शराब, सुबह वर्कआउट…तो नहीं होगा फैटी लीवर? जानिये एक्सपर्ट...

Health: रात में शराब, सुबह वर्कआउट…तो नहीं होगा फैटी लीवर? जानिये एक्सपर्ट की राय

Health: रात में शराब पीने के बाद अगली सुबह जमकर एक्सरसाइज करना… क्या वाकई शराब से होने वाले नुकसान को कम कर सकता है? कई लोगों को लगता है कि पसीना बहाने और वर्कआउट करने से शरीर से शराब के असर को बाहर निकाला जा सकता है। खासतौर पर फैटी लिवर को लेकर यह धारणा काफी आम है। लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यह सोच सही नहीं है। एक्सपर्ट के अनुसार, शराब के नुकसान की भरपाई सिर्फ वर्कआउट करके नहीं की जा सकती। एक्सरसाइज सेहत के लिए फायदेमंद है, लेकिन इसे शराब के प्रभाव को खत्म करने का तरीका मानना गलत है।

इतना ही नहीं, ज्यादा पानी पीने या खूब पसीना बहाने से भी शराब शरीर से तेजी से बाहर नहीं निकलती। इसलिए रात में शराब पीने के बाद सुबह पसीना बहाकर इसके नुकसान को खत्म कर देने का दावा सही नहीं माना जा सकता।

सिर्फ शराब ही फैटी लिवर की वजह नहीं

फैटी लिवर को केवल शराब से जोड़ना भी सही नहीं है। शरीर में अतिरिक्त वजन, डायबिटीज, इंसुलिन रेजिस्टेंस और कोलेस्ट्रॉल या ट्राइग्लिसराइड का बढ़ा हुआ स्तर भी लिवर में फैट जमा होने की वजह बन सकता है।
अगर किसी व्यक्ति में पहले से ही ये जोखिम मौजूद हैं और वह नियमित रूप से शराब का सेवन भी करता है, तो लिवर पर पड़ने वाला दबाव और बढ़ सकता है। इसलिए लिवर की सेहत के लिए सिर्फ एक्सरसाइज पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है।

हैंगओवर में भारी एक्सरसाइज से रहें सावधान

शराब पीने के अगले दिन शरीर में कमजोरी, थकान, चक्कर या डिहाइड्रेशन जैसी परेशानी हो सकती है। ऐसे समय में सीधे जिम जाकर हैवी वर्कआउट करना शरीर पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है। अगर हैंगओवर महसूस हो रहा है, तो शरीर को रिकवरी का समय देना ज्यादा जरूरी है। खासतौर पर तब, जब कमजोरी या पानी की कमी ज्यादा महसूस हो रही हो।

शराब से जुड़े जोखिम को कैसे कम करें?

जो लोग फिलहाल शराब पूरी तरह छोड़ नहीं पा रहे हैं, उनके लिए हेल्थ एक्सपर्ट्स सीमित सेवन और शराब पीने के बीच पर्याप्त अंतर रखने पर जोर देते हैं। इस संदर्भ में ‘2-2-2 नियम’ बताया जाता है—
• एक बार में 2 से ज्यादा ड्रिंक न लें।
• हफ्ते में 2 दिन से ज्यादा शराब न पिएं।
• लगातार 2 दिन शराब पीने से बचें।

हालांकि, शराब का सेवन कम करना भी जोखिम को पूरी तरह खत्म नहीं करता। लिवर को स्वस्थ रखने के लिए शराब से दूरी बनाना, पौष्टिक भोजन लेना, वजन को नियंत्रित रखना और नियमित शारीरिक गतिविधि को जीवनशैली का हिस्सा बनाना महत्वपूर्ण है।
यानी रात में शराब पीने के बाद अगली सुबह वर्कआउट करना अच्छी आदत हो सकती है, लेकिन इसे शराब से होने वाले नुकसान की भरपाई का तरीका नहीं माना जा सकता।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here