Kitchen Tips: बाजार से चावल खरीदकर एयरटाइट डिब्बे में रख देना ही काफी नहीं होता है। अगर स्टोरेज का तरीका सही न हो, तो कुछ ही दिनों में चावल में छोटे-छोटे काले कीड़े या घुन लगने लगते हैं, जो धीरे-धीरे पूरे अनाज को खराब कर देते हैं। चावल को फेंकने की नौबत न आए और वह लंबे समय तक सुरक्षित रहें, इसके लिए शुरुआत से ही कुछ खास बातों और घरेलू उपायों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
चावल में कीड़े क्यों लगते हैं?
चावल में घुन या कीड़े लगने का मुख्य कारण नमी और गर्म वातावरण होता है। इसके अलावा, कई बार अनाज में कीटों के अंडे पहले से मौजूद होते हैं, जो सही और अनुकूल माहौल मिलने पर विकसित हो जाते हैं। यही वजह है कि कई बार एयरटाइट डिब्बे में रखे चावल में भी कुछ समय बाद कीड़े नजर आने लगते हैं।
कीड़ों से बचाने के अचूक घरेलू उपाय
नीम और तेजपत्ता: चावल के डिब्बे में कुछ सूखे नीम के पत्ते रखे जा सकते हैं। नीम की तेज गंध कीटों और घुन को दूर रखने में बहुत असरदार होती है। इसी तरह डिब्बे में 2 से 3 सूखे तेजपत्ते डालना भी फायदेमंद रहता है। हालांकि, अगर कीड़े बहुत ज्यादा हो जाएं, तो इन उपायों से वे पूरी तरह खत्म नहीं होते, इसलिए शुरुआत से ही इन्हें डिब्बे में डालना बेहतर है।
लौंग और सूखी लाल मिर्च: चावल के डिब्बे में कुछ साबुत लौंग या सूखी लाल मिर्च (डंठल सहित) रखना एक पुराना और आजमाया हुआ घरेलू तरीका है। इनकी महक से कीड़े आसपास भी नहीं भटकते हैं। ध्यान रहे कि इन्हें सीधे गीले चावल में न डालें।
चावल निकालते समय भी रखें सावधानी
कई बार चावल खराब होने की वजह स्टोरेज नहीं बल्कि उसे निकालने का तरीका होता है। गीला या पानी लगा चम्मच डिब्बे में डालने से नमी पहुंच सकती है। इसलिए हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें। साथ ही नया चावल पुराने चावल में मिलाने के बजाय पहले पुराना स्टॉक खत्म करें और डिब्बे को साफ करके दोबारा भरें।
स्टोर करते समय इन बातों का रखें खास ख्याल
-
चावल को हमेशा पूरी तरह साफ और सूखे एयरटाइट कंटेनर में ही स्टोर करें।
-
डिब्बे को गीले हाथों से बिल्कुल न छुएं।
-
कंटेनर को गैस चूल्हा, सिंक या ऐसी किसी भी जगह से दूर रखें जहां भाप और नमी ज्यादा रहती हो।
-
कभी भी नए चावल को पुराने स्टॉक के साथ तुरंत न मिलाएं। पहले पुराना चावल खत्म करें, डिब्बे को अच्छी तरह साफ करके सुखा लें, उसके बाद ही नया चावल भरें।






