Chhattisgarh Weather: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। राजधानी रायपुर में दोपहर अचानक मौसम बदला और गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 25 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
राजनांदगांव, बालोद, बीजापुर, सुकमा और कांकेर में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बढ़ी नमी
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ रही है। इसके चलते प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। बलरामपुर, कोरिया समेत 25 जिलों में हल्की बारिश के साथ अंधड़ चलने का अनुमान है।
23 से 26 सितंबर तक रहेगा सिस्टम का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, इस मौसम प्रणाली का असर छत्तीसगढ़ में 23 से 26 सितंबर तक रहने की संभावना है। 24 सितंबर की सुबह बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट से टकरा सकता है।
इसके प्रभाव से प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में इस दौरान अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा अधिक रहने की संभावना है।
आज इन इलाकों में तेज हवा और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा या आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चलने की संभावना है।
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, रायगढ़ और कोरबा समेत कई क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश होने का अनुमान है।
ऑरेंज अलर्ट का मतलब
Chhattisgarh Weather: ऑरेंज अलर्ट वाले इलाकों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना रहती है। ऐसे मौसम में लोगों को विशेष सावधानी बरतने और मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी जाती है। येलो अलर्ट वाले क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई जाती है। मौसम खराब होने पर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।






