कृष्णा नायक/सुकमा। Nishaanebaz.com-Kisan Credit Card Sukma: दक्षिण बस्तर के सुकमा जिले में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘किसान क्रेडिट कार्ड’ (KCC) योजना ग्रामीण अंचल के किसानों के जीवन में बड़ा आर्थिक बदलाव ला रही है। छिंदगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत चिपुरपाल निवासी किसान राजेश कुमार नाग के लिए यह योजना खेती-किसानी के लिए सबसे बड़ा सहारा बनकर सामने आई है। केसीसी के माध्यम से आसानी से कृषि ऋण मिलने से अब उन्हें साहूकारों और बिचौलियों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल गई है।
किसान राजेश कुमार नाग ने बताया कि केसीसी बनने से पहले खाद, बीज और अन्य कृषि उपकरणों की व्यवस्था करने के लिए उन्हें गांव के बड़े साहूकारों से भारी ब्याज दर पर कर्ज लेना पड़ता था। इससे खेती की लागत बहुत अधिक बढ़ जाती थी और फसल कटने के बाद भी अधिकांश मुनाफा ब्याज चुकाने में ही चला जाता था। इस आर्थिक दबाव के कारण खेती-किसानी काफी तनावपूर्ण हो गई थी।
राजेश नाग के अनुसार, किसान क्रेडिट कार्ड बनने के बाद बैंकिंग व्यवस्था से जुड़कर समय पर उचित दर पर लोन की सुविधा मिलने लगी है। अब बुवाई के समय आसानी से प्रमाणित खाद और उन्नत बीजों की व्यवस्था हो जाती है, जिससे धान की फसल लेने में काफी सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि केसीसी ने उनकी खेती-किसानी को पहले की तुलना में कहीं अधिक व्यवस्थित और लाभदायक बना दिया है।
किसान राजेश कुमार नाग ने समय पर बैंकिंग और कृषि योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य सरकार के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से गांव के छोटे और मध्यम किसानों को समय पर आर्थिक संबल मिल रहा है। सुकमा जिला प्रशासन द्वारा किसानों को मुख्यधारा की बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।







[…] […]