Raipur Crime: मोबाइल लूट और चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार; करीब 100 वारदातों का खुलासा

Sanjay Sahu
Raipur Crime

Raipur Crimeमोबाइल लूट और चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का कबीर नगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह का नेटवर्क रायपुर से लेकर ओडिशा और राजस्थान तक फैला हुआ था। मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर 14 मोबाइल फोन और 2 लैपटॉप बरामद किए गए हैं। पुलिस ने करीब 100 मोबाइल चोरी और लूट की घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मोबाइल चोरी और लूट के मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध की पहचान शहजाद अली उर्फ भिंडी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे रावाभाटा इलाके से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि वह पहले भी मोबाइल लूट के मामले में जेल जा चुका है।

पूछताछ में खुले गिरोह के राज

पुलिस के अनुसार शहजाद अली से पूछताछ के बाद उसके साथी कृष दीप और गौरव मझखंड को कैलाशपुरी और भाटागांव इलाके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि रायपुर में लूट और चोरी किए गए मोबाइल को स्थानीय स्तर पर बेचने के बजाय ओडिशा भेजा जाता था।

ओडिशा में बदली जाती थी मोबाइल की पहचान

पुलिस के मुताबिक चोरी और लूटे गए मोबाइल ओडिशा के राजखरीयार स्थित तुकला गांव निवासी भोदेव मेहर तक पहुंचाए जाते थे। वह मोबाइल की दुकान की आड़ में चोरी के मोबाइल का लॉक खोलता था। इसके लिए सॉफ्टवेयर और अनलॉक टूल का इस्तेमाल किया जाता था। इसके बाद इन मोबाइल को सेकंड हैंड फोन बताकर बेचने का आरोप है। आईफोन और सैमसंग के कुछ मोबाइल में लॉक नहीं खुलने पर पुराने या स्क्रैप मोबाइल से मदरबोर्ड बदलने की बात भी पुलिस जांच में सामने आई है।

राजस्थान तक पहुंचा नेटवर्क

पुलिस के अनुसार जिन मोबाइल का लॉक भोदेव मेहर नहीं खोल पाता था, उन्हें राजस्थान के कोटा निवासी आकाश परेटा के पास भेजा जाता था। आकाश ऐसे मोबाइलों का लॉक खोलने के बाद उन्हें आगे बेचने का काम करता था।

तीन राज्यों में फैला था नेटवर्क

कबीर नगर पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी जांच के जरिए मोबाइल की पूरी कड़ी को ट्रेस किया। जांच में रायपुर से मोबाइल लूटने और चोरी करने, उन्हें ओडिशा भेजने, मोबाइल का लॉक खोलने और जरूरत पड़ने पर राजस्थान भेजने की जानकारी सामने आई। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से करीब 100 मोबाइल चोरी और लूट की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

14 मोबाइल और 2 लैपटॉप जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से अब तक 14 मोबाइल फोन और 2 लैपटॉप बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य वारदातों से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Raipur Crime: गिरफ्तार आरोपी

1. शहजाद अली उर्फ भिंडी, उम्र 32 वर्ष, निवासी रावाभाटा, थाना खमतराई, रायपुर।
2. गौरव मझखंड, उम्र 26 वर्ष, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, भाटागांव, रायपुर।
3. कृष दीप, उम्र 20 वर्ष, निवासी वीरभद्र नगर, रायपुर।
4. भोदेव मेहर, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम तुकला, राजखरीयार, ओडिशा।
5. आकाश परेटा, उम्र 27 वर्ष, निवासी अनंतपुरा, कोटा, राजस्थान।

Raipur Crime: संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

Raipur Crime: यह कार्रवाई कबीर नगर थाना पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में थाना प्रभारी गगन बाजपेयी, निरीक्षक चेतन चंद्राकर, उपनिरीक्षक लोकेश्वर सदावर्ति, सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र पांडे, प्रधान आरक्षक अलोप राठौर, संजय सिंह सहित आरक्षक दीपक सिंह ठाकुर, मोहसिन खान, आशीष शुक्ला, शिवम द्विवेदी और अभिषेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मोबाइल चोरी और लूट से जुड़े आरोपियों तथा उनके अंतरराज्यीय नेटवर्क के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *