Bilaspur News: 11 राज्यों में 50 साइबर ठगी की शिकायतें, 4 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी; म्यूल बैंक अकाउंट गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार

Sanjay Sahu
Bilaspur News

Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेंज साइबर थाने ने साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान आरोपियों से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर वित्तीय अपराध की 50 शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों में करीब 4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से जुड़ी जानकारी मिली है।

मामला छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की मंगला शाखा में संचालित एक खाते में संदिग्ध लेन-देन से सामने आया। अजय फार्म हाउस के नाम से खुले खाते में 18 मई से 12 जून 2026 के बीच सिर्फ 25 दिनों में 2 करोड़ 20 लाख 68 हजार 443 रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिला। बैंक रिकॉर्ड, KYC दस्तावेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कमीशन लेकर बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए दूसरे लोगों को उपलब्ध कराते थे। ऐसे खातों को म्यूल बैंक अकाउंट कहा जाता है।

जांच में अजय कुमार सोनी, अभिलाष कुमार डेनियल उर्फ चिंटू, भास्कर कश्यप, नरेन्द्र कुर्रे, आशीष तिवारी और देवेश कुमार दास उर्फ रोबिन की भूमिका सामने आई है। पुलिस के अनुसार खातों के इस्तेमाल के बदले आरोपियों को कमीशन दिया जाता था। कुछ मामलों में 20 से 25 हजार रुपये तक कमीशन मिलने की जानकारी सामने आई है।

11 राज्यों से मिली 50 शिकायतें

पुलिस जांच में अजय कुमार सोनी के खाते से जुड़ी 21 शिकायतें और भास्कर कश्यप के खाते से संबंधित 24 शिकायतें सामने आई हैं। इसके अलावा नरेन्द्र कुर्रे के खाते से 2 और आशीष तिवारी के खाते से 3 शिकायतें मिली हैं। ये शिकायतें चंडीगढ़, महाराष्ट्र, पंजाब, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, कर्नाटक, ओडिशा, राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों से मिली हैं।

पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं। बैंक खातों के लेन-देन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस को गिरोह में और लोगों के शामिल होने की आशंका है।

Bilaspur News: कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग, एसपी बिलासपुर रजनेश सिंह और नोडल अधिकारी गगन कुमार के मार्गदर्शन में की गई। साइबर थाना प्रभारी प्रसाद सिन्हा, कामिल हक और टीम की कार्रवाई में अहम भूमिका रही।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *