Daundilohara College: डौंडीलोहारा कॉलेज में छात्रों का हंगामा, ‘सुविधाएं दो या प्राचार्य हटाओ’; TC की धमकी के बाद सड़क पर उतरे विद्यार्थी

Sanjay Sahu
Daundilohara College

Daundilohara College: डौंडीलोहारा। बालोद जिले के शासकीय एकलव्य महाविद्यालय डौंडीलोहारा में मूलभूत सुविधाओं की कमी और प्राचार्य पर छात्रों को टीसी देने की कथित धमकी के आरोप को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के सामने दल्लीराजहरा-राजनांदगांव मार्ग पर करीब 10 मिनट तक चक्काजाम किया। पुलिस की समझाइश के बाद छात्र सड़क से हटे, लेकिन कॉलेज के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए।

विद्यार्थियों ने प्राचार्य रोशन आरा को हटाने और कॉलेज में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। शाम करीब 5 बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान प्राचार्य का पुतला भी जलाया गया। तेज धूप के बावजूद छात्र अपनी मांगों पर डटे रहे।

छात्रों का आरोप है कि कॉलेज की कई कक्षाओं में करीब दो साल से बिजली और पंखे बंद हैं। बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है। कुछ समय पहले छत का प्लास्टर और पंखा गिरने की घटना भी सामने आने की बात कही गई। शौचालयों की सफाई और पेयजल व्यवस्था को लेकर भी विद्यार्थियों ने नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि समस्याओं की शिकायत करने पर उन्हें टीसी देने की धमकी दी जाती है। वहीं एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि पहले भी कई बार प्रदर्शन और चक्काजाम किया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका दावा है कि कलेक्टर और मुख्यमंत्री स्तर पर भी शिकायत की गई थी।

मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ।

Daundilohara College: इधर, प्राचार्य रोशन आरा ने कहा कि कॉलेज की बिजली, पंखे और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ छात्र नेताओं के कहने पर विद्यार्थी सड़क पर उतरकर अपनी पढ़ाई बाधित कर रहे हैं। प्राचार्य ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन को लेकर टीसी संबंधी कार्रवाई की बात कहने की बात भी सामने आई है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *