Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर में नगर निगम ने लंबे समय से राजस्व बकाया रखने वाले डिफॉल्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ में पहली बार नगर निगम स्तर पर राजस्व मामलों में डिफॉल्टरों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए निगम ने टीम का गठन कर दिया है और कार्रवाई की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।
नगर निगम की उपायुक्त एवं राजस्व अधिकारी अंजलि शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण में अलग-अलग राजस्व मामलों से जुड़े 10 डिफॉल्टरों की संपत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। बकायादारों की संबंधित संपत्तियों को नगर निगम से अटैच किया जाएगा।
कुर्की से पहले मिलेंगे दो नोटिस
राजस्व बकाया जमा नहीं करने वाले करदाताओं को संपत्ति कुर्क करने से पहले दो नोटिस जारी किए जाएंगे। दूसरे नोटिस के बाद भी संबंधित करदाता को बकाया राशि जमा करने का अंतिम अवसर दिया जाएगा। इस दौरान करदाता 30 दिनों के भीतर बकाया कर राशि जमा कर कार्रवाई से बच सकता है।
निगम के अनुसार, निर्धारित अवधि में भी यदि बकाया राजस्व जमा नहीं किया जाता है तो संबंधित डिफॉल्टर की संपत्ति के खिलाफ नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
10 मामलों से होगी शुरुआत
Raipur News: नगर निगम प्रथम चरण में 10 अलग-अलग राजस्व मामलों में संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। निगम का उद्देश्य लंबे समय से लंबित राजस्व की वसूली करना और करदाताओं को समय पर कर जमा करने के लिए प्रेरित करना है। अधिकारियों के मुताबिक, नोटिस जारी करने और निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद ही नियमानुसार संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।






