Raipur Crime: मानिकचौरी में हत्या और लूट का खुलासा, नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार; चाकू और अन्य सामान बरामद

Sanjay Sahu
Raipur Crime

Raipur Crime: रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र के मानिकचौरी में हुई हत्या और लूट की वारदात का रायपुर ग्रामीण पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में विधि से संघर्षरत बालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू समेत अन्य सामग्री बरामद की है। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर की रात वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ धुनु और छबी जांगड़े उर्फ धोंधी मानिकचौरी रेलवे फाटक के पास शराब पी रहे थे। पैसे खत्म होने के बाद दोनों ने राहगीरों से लूट करने की योजना बनाई। रात करीब 1 बजे दोनों बाइक से अभनपुर की ओर निकले। हसदा मोड़ के पास उन्होंने एक बाइक सवार को पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका।

आरोपियों ने पीछा कर बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। बातचीत के दौरान छबी जांगड़े और वेदप्रकाश ने युवक से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनके साथ मौजूद विधि से संघर्षरत बालक ने धारदार चाकू से युवक पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल और करीब 1000 रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

Raipur Crime: सूचना मिलने पर अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ के बाद वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ पूर्व में 6 गंभीर अपराधों में संलिप्तता पाई गई है। वह 12 अगस्त 2026 को एक मामले में जमानत पर बाहर आया था।

गिरफ्तार आरोपी-
* वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ धुनु
* छबी जांगड़े उर्फ धोंधी
* विधि से संघर्षरत अपचारी

 

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *