Mahadev App Case: महादेव ऐप केस में सियासी विस्फोट, भूपेश ने कहा -महादेव ऐप को मिला BJP का संरक्षण

Sanjay Sahu
Mahadev App Case

Mahadev App Case: रायपुर: महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में ईडी की कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति फिर गरमा गई है। EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग की गिरफ्तारी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में उन्होंने मामले को लेकर केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों से भी कई सवाल पूछे हैं।

Mahadev App Case: भूपेश बघेल ने दावा किया कि ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए विकास गर्ग का नाम तो सामने आया, लेकिन कई अहम जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जा रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास गर्ग बीजेपी से जुड़े हैं और उनके खिलाफ 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के कथित वित्तीय लेनदेन की जांच चल रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनसे जुड़ी 900 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।

Mahadev App Case: पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप को बीजेपी के शीर्ष नेताओं का संरक्षण मिला हुआ था। उन्होंने दावा किया कि ऐप के जरिए हर महीने करीब 450 करोड़ रुपये की कमाई हो रही थी। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने कोई दस्तावेज या साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया।

Mahadev App Case: भूपेश बघेल ने अपनी सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि महादेव ऐप के खिलाफ सबसे पहले कार्रवाई कांग्रेस सरकार ने शुरू की थी। उनके मुताबिक, उस दौरान 72 एफआईआर दर्ज की गईं, 400 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया, हजारों बैंक खाते फ्रीज किए गए और बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐप को प्ले स्टोर से हटाने और आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा गया था।

Mahadev App Case: अपने बयान के अंत में भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि महादेव ऐप के खिलाफ जांच के बावजूद अब तक पूरी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने ऐप से जुड़े कथित आरोपियों को विदेश से भारत लाने में देरी, जांच की प्रगति और कुछ अन्य नामों की जांच को लेकर भी सवाल उठाए। फिलहाल, इन आरोपों पर बीजेपी या ईडी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *