सुकमा (कृष्णा नायक)। Nishaanebaz.com-Dornapal Smart Meter Electricity Protest: सुकमा जिले के दोरनापाल नगर पंचायत समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार बढ़ते बिजली बिलों, स्मार्ट मीटरों की अनियमतताओं और चरमराती विद्युत व्यवस्था को लेकर जनाक्रोश सड़कों पर उतर आया है। सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने दोरनापाल स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने और मनमाने बिलों पर रोक लगाने की मांग की।
Read More : MP News: यातायात पुलिस का बसों पर शिकंजा, 8 के चालान काटे; ₹4 हजार समन शुल्क वसूला, एक बस थाने में खड़ी
बिना जागरूकता के लगाए गए स्मार्ट मीटर, दोगुने-तिगुने आ रहे बिल
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष माड़वी देवा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर से जुड़ी परेशानियों को प्रमुखता से रखा। माड़वी देवा ने आरोप लगाया कि ग्रामीण अंचल के सीधे-सादे उपभोक्ताओं को बिना पर्याप्त जानकारी व जागरूकता दिए जल्दबाजी में स्मार्ट मीटर थमा दिए गए। ग्रामीणों का दावा है कि जहाँ पुराने मीटर में सामान्य बिल आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगते ही बिना किसी अतिरिक्त खपत के बिजली बिल 2 से 3 गुना तक बढ़कर आ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
Read More : Raipur Crime: रास्ता पूछने के बहाने युवक को रोका, चाकू से हमला कर मोबाइल लूटा; तीन आरोपी गिरफ्तार
अंदरूनी इलाकों में महीनों गुल रहती है बिजली, तकनीकी स्टाफ का भारी अकाल
विरोध प्रदर्शन में लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली गुल होने और दूरदराज के अंदरूनी गांवों में महीनों तक बिजली आपूर्ति ठप रहने का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। माड़वी देवा ने कहा कि सुकमा के वनांचल क्षेत्रों में तकनीकी अमले और लाइनमैनों की भारी कमी है, जिसके कारण लाइन में खराबी आने पर हफ्तों सुधार नहीं हो पाता। बिजली बंद रहने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठान बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
जेईई मनोज साहू ने दिया जल्द सुधार का आश्वासन, आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (JEE) मनोज साहू ने आन्दोलनकारियों से चर्चा की। उन्होंने स्वीकार किया कि स्टाफ की कमी के कारण मरम्मत कार्यों में समय लगता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और जल्द ही कर्मचारियों की कमी दूर कर बढ़ी हुई बिलिंग की जांच कराई जाएगी। वहीं कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बढ़े हुए बिलों का निपटारा और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।






