Raipur Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर में रास्ता पूछने के बहाने युवक को रोककर चाकू से हमला करने और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, घटना में इस्तेमाल चाकू, मोटरसाइकिल और नगदी रकम बरामद की है।
Raipur Crime: घटना 29 अगस्त की रात करीब 9:45 बजे की है। हल्दीराम होटल का सेल्समैन धरमवीर साहू खाना खाने के बाद पैदल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित अपने कमरे की ओर जा रहा था। लाभांडी जाने वाली सर्विस रोड के बस स्टॉप के पास बाइक सवार दो युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया। दोनों ने मोबाइल लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसका हाथ पकड़कर चाकू जैसी नुकीली वस्तु से भुजा, पेट और पीठ पर वार कर दिया और मोबाइल लेकर फरार हो गए। घायल धरमवीर को मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Raipur Crime: पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा और राजू सबर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल की और बताया कि लूटा मोबाइल दूजराम साहू उर्फ छोटू को बेचा था। इसके बाद पुलिस ने दूजराम को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में भुनेश्वर निषाद (19), राजू सबर (25) और दूजराम साहू (26) शामिल हैं। भुनेश्वर और दूजराम पहले भी मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं।






