Durg Cyber Fraud: मोबाइल गुम होते ही खाते से उड़ गए 5.12 लाख, UPI से कई बार निकाली रकम

Sanjay Sahu
Durg Cyber Fraud

Durg Cyber Fraud: दुर्ग। मोबाइल फोन गुम होने के बाद बैंक खाते से UPI के जरिए 5 लाख 12 हजार 997 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। भाठापारा अखरा निवासी रामकृष्ण साहू की शिकायत पर पाटन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Durg Cyber Fraud: सब्जी खरीदने गए थे, बाजार में गुम हुआ मोबाइल

रामकृष्ण साहू 26 मई 2026 की शाम करीब 4 बजे पाटन बाजार में सब्जी खरीदने गए थे। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन गुम हो गया। फोन में लगा एयरटेल सिम उनके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से लिंक था। उस समय खाते में 6 लाख 19 हजार 997 रुपये जमा थे।

मोबाइल गुम होने की सूचना उन्होंने पाटन थाने में दर्ज कराई। इसके बाद उसी नंबर का नया सिम लेकर उन्होंने उसका इस्तेमाल शुरू कर दिया।

28 दिन बाद बैंक पहुंचने पर सामने आई ठगी

करीब 28 दिन बाद घरेलू खर्च के लिए पैसे निकालने बैंक पहुंचे रामकृष्ण साहू को खाते में केवल 1 लाख 7 हजार रुपये बचे होने की जानकारी मिली। बैंक से लेनदेन की जानकारी लेने पर पता चला कि 29 मई की रात 8:03 बजे से 31 मई की रात 9:06 बजे के बीच UPI के जरिए खाते से कुल 5 लाख 12 हजार 997 रुपये निकाले गए।

UPI का इस्तेमाल ही नहीं करते थे पीड़ित

रामकृष्ण साहू ने पुलिस को बताया कि वह UPI का इस्तेमाल नहीं करते हैं। पैसे निकालने के लिए वह चेक या पासबुक का ही उपयोग करते हैं। मोबाइल गुम होने के कुछ दिन बाद खाते से UPI के जरिए इतनी बड़ी रकम निकलने से मामला संदिग्ध हो गया।

Durg Cyber Fraud: घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और बैंक पहुंचकर खाते को होल्ड कराया। अब पाटन पुलिस अज्ञात आरोपी की पहचान करने के साथ ही UPI लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *