रायपुर। Nishaanebaz.com-Raipur Drink And Drive Action: राजधानी रायपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम नागरिकों की यात्रा सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 30 अगस्त की रात अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) राम कुमार बर्मन के नेतृत्व और सभी सहायक पुलिस आयुक्तों की मौजूदगी में शहर के 9 प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस चेकिंग अभियान के दौरान आधुनिक तकनीक से लैस ब्रीथ एनालाइजर मशीनों का उपयोग किया गया, जिसमें कुल 51 वाहन चालक शराब के नशे में स्टेयरिंग संभालते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। नशे में मिले चालकों में 44 कार, 4 टाटा एस पिकअप, 2 ट्रक/टैंकर और 1 बस का चालक शामिल है। यातायात पुलिस ने मोटर यान अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत इन सभी 51 वाहन चालकों का चालान कर उनके खिलाफ कानूनी व वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रायपुर यातायात पुलिस से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कुल 3,957 ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में सख्त चालानी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब या किसी भी प्रकार का नशा करके गाड़ी चलाने से चालक का मानसिक संतुलन, प्रतिक्रिया का समय और गाड़ी पर नियंत्रण बेहद कमजोर हो जाता है, जिससे जानलेवा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
इस कार्रवाई के दौरान डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि कोई भी व्यक्ति शराब या नशीले पदार्थों का सेवन करके वाहन न चलाएं। यदि किसी वजह से नशे का सेवन करते हैं तो कैब, टैक्सी, सार्वजनिक परिवहन या परिवार के किसी अन्य सदस्य की मदद लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे में गाड़ी न चलाना खुद चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य निर्दोष लोगों की जान बचाने की सामाजिक जिम्मेदारी है। डीसीपी ट्रैफिक ने कहा कि यह चेकिंग अभियान आने वाले दिनों में और अधिक सख्ती से जारी रहेगा।





