Balrampur News: आनंद चौरसिया /बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर विद्युत क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरती कला में आकाशीय बिजली गिरने से मुख्य ट्रांसफार्मर जल गया। 22 अगस्त की शाम हुई इस घटना के बाद से गांव में बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई जरूरी काम प्रभावित हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बरती कला में आकाशीय बिजली गिरने से मुख्य ट्रांसफार्मर खराब हो गया। बिजली सप्लाई बंद होने के कारण गांव में संचालित पोस्ट ऑफिस, ग्रामीण बैंक सहित कई सरकारी और निजी कार्यालयों का काम प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली बंद होने से बैंकिंग और अन्य जरूरी सेवाएं ठप हैं। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है। बिजली के अभाव में ग्रामीणों को अपने जरूरी कामों के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
Balrampur News: ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि बैंक, पोस्ट ऑफिस और अन्य जरूरी सेवाओं का काम दोबारा शुरू हो सके।





