Bheem Mango Candy Unsafe:बस्तर। बच्चों के बीच लोकप्रिय रंग-बिरंगी आइस कैंडी को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की जांच में ‘भीम का मैंगो पैकेट ग्रीन कलर मैंगो आइस कैंडी’ को असुरक्षित (Unsafe) पाया गया है। रिपोर्ट सामने आने के बाद बस्तर जिले में इस उत्पाद की बिक्री, वितरण और भंडारण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी थोक और चिल्हर विक्रेताओं को ‘भीम मैंगो आइस कैंडी’ की बिक्री तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही बाजार में उपलब्ध स्टॉक को वापस मंगाकर नियमानुसार नष्ट करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
प्रतिबंध के बावजूद बिक्री या भंडारण पर कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के बावजूद यदि किसी दुकान या प्रतिष्ठान में इस आइस कैंडी की बिक्री या भंडारण पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की अधिकारी पूनम कुंजाम ने बताया कि जांच में ‘भीम का मैंगो आइस कैंडी’ और ‘वीबा एगलेस मयोनीज’ को अमानक पाया गया है। इसके चलते दोनों उत्पादों के विक्रय, वितरण और भंडारण पर पूरे बस्तर जिले में रोक लगाई गई है।
‘वीबा एगलेस मयोनीज’ पर भी प्रतिबंध
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई सिर्फ आइस कैंडी तक सीमित नहीं है। जांच में ‘वीबा एगलेस मयोनीज’ भी अमानक पाए जाने के बाद इसके विक्रय, वितरण और भंडारण पर भी बस्तर जिले में प्रतिबंध लगाया गया है।
Bheem Mango Candy Unsafe:विभाग ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों की बिक्री न करें। यदि कहीं इन उत्पादों का स्टॉक या भंडारण दिखाई देता है, तो इसकी जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।





