Saturday, August 15, 2026
Home Chhattisgarh Raipur Independence Day Horse Show and Dog Squad Performance: रायपुर में स्वतंत्रता...

Raipur Independence Day Horse Show and Dog Squad Performance: रायपुर में स्वतंत्रता दिवस पर दिखा अद्भुत नजारा: हॉर्स शो, महिला बैंड की धुनों और डॉग स्क्वाड ने किया रोमांचित

0
4

रायपुर [Nishanebaaz News]Raipur Independence Day Horse Show and Dog Squad Performance। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम में रोमांच और साहस का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी मौजूदगी में पुलिस परेड ग्राउंड पर छत्तीसगढ़ पुलिस के घुड़सवार दलों ने अपने अदम्य साहस और ऊर्जा का जीवंत प्रदर्शन किया। इसके साथ ही प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड की संगीतमय प्रस्तुति और डॉग स्क्वाड के हैरतअंगेज करतबों ने समारोह में उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह के दौरान तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल द्वारा प्रस्तुत हॉर्स शो दर्शकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। घुड़सवारों ने फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेज़ाबंदी, शो जंपिंग और गैलप राउंड जैसी रोमांचक प्रस्तुतियां दीं। आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व ‘आदित्री’ पर फ्लैग मार्च निकाला, जबकि अजय कुमार यादव ने अश्व ‘आभा’ पर स्टैडिंग सैल्यूट दिया। टेंट पैगिंग में अश्व रूद्र, अश्वस्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने शानदार तालमेल दिखाया। वहीं शो जंपिंग में अश्व युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने बाधाओं को पार कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम का दूसरा बड़ा आकर्षण आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में 20वीं भारत रक्षित वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 35 सदस्यीय महिला बैगपाइपर बैंड की संगीतमय प्रस्तुति रही। प्रदेश के इस पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने क्विक मार्च में ‘इंडिया गेट’, ‘केसरिया बाना’, ‘हार्श मेन’, ‘शांति सेना’ और ‘पुलकित हिमालय’ जैसी देशभक्ति धुनें बजाकर माहौल को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। स्लो मार्च में ‘नवरंगी’, ‘तर्शपे रील’ और ‘ड्रम कॉल’ पर सेरेमोनियम मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर जैसे वाद्ययंत्रों से निकली धुनों ने सभी का मन मोह लिया। उल्लेखनीय है कि इस बैंड ने आईटीबीपी बीटीसी मानु पंचकुला से प्रशिक्षण प्राप्त किया है और राष्ट्रीय स्तर की पुलिस बैंड प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल हासिल कर चुकी है।

मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वाड ने स्क्वाड प्रभारी राज कपूर के नेतृत्व में अपनी उच्च स्तरीय दक्षता, अनुशासन और गंध पहचानने की शक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की शुरुआत में पुलिस डॉग ‘मैक्स’ ने अतिथियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात प्रशिक्षित श्वानों ने कमल फूल की आकृति में खुद को व्यवस्थित कर अपनी अनुशासन प्रियता का परिचय दिया। गोल रिंग में आग की उठती लपटों के बीच से श्वान दुलार, मेरी और शिवा ने बेखौफ छलांग लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके अलावा श्वानों ने जमीन में दबे विस्फोटक पदार्थों, नारकोटिक सामग्रियों को ढूंढने और रुमाल सूंघकर संबंधित संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने का सटीक प्रदर्शन कर अपनी उपयोगिता सिद्ध की।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here