Durg-Gold Flake cigarettes: दुर्ग। इंदिरा मार्केट स्थित एसएसडी ट्रेडर्स में आईटीसी लिमिटेड के Gold Flake Premium ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दुकान से कुल 18 हजार नकली सिगरेट जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.07 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त को आईटीसी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता एक निजी इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट सॉल्यूशंस कंपनी में फील्ड ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं और कंपनी के नकली उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अधिकृत हैं।
शिकायत में बताया गया कि इंदिरा मार्केट स्थित एसएसडी ट्रेडर्स में Gold Flake Premium के नाम और असली उत्पाद से मिलती-जुलती पैकेजिंग वाले नकली सिगरेट उत्पाद बेचे जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश देकर जांच की और साक्ष्य जुटाए।
तलाशी में 18 हजार नकली सिगरेट बरामद
पुलिस ने जांच के दौरान Gold Flake Premium नाम से 24 बंडलों में 12 हजार सिगरेट और 12 अन्य बंडलों में 6 हजार सिगरेट बरामद कीं। दोनों खेप की कीमत क्रमशः 1.38 लाख रुपए और 69 हजार रुपए आंकी गई है। इस तरह कुल 18 हजार सिगरेट की कीमत करीब 2.07 लाख रुपए बताई गई है।
पैकेटों पर 115 रुपए MRP और एक ही QR नंबर अंकित पाया गया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया आरोपियों द्वारा निजी आर्थिक लाभ के लिए असली उत्पाद जैसी पैकेजिंग और ब्रांड पहचान का इस्तेमाल कर नकली सिगरेट बेची जा रही थी।
Durg-Gold Flake cigarettes: दो आरोपी गिरफ्तार
Durg-Gold Flake cigarettes: मामले में पुलिस ने विशाल जसवानी (36), निवासी गुरुनानक नगर दुर्ग और निखिल सिहानी (29), निवासी सदानी नगर दुर्ग को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ धारा 318(4) BNS और धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम 1957 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में नकली सिगरेट की सप्लाई और बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।






