Ashoknagar News: अशोकनगर में जनविश्वास अभियान के पहले ही शिविर में अव्यवस्थाओं पर उठे सवाल

0
38

[Nishaanebaz News] Ashoknagar News: भारतेन्द्र सिंह बैस \अशोकनगर। जिले की मुंगावली तहसील के ग्राम पंचायत बीड सरकार में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने और पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान 7 अगस्त से शुरू होकर जनवरी तक प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित किया जाना है। हालांकि पहले ही शिविर में व्यवस्थाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कई सवाल खड़े हो गए।

शिविर में ग्वालियर संभाग के कमिश्नर मनोज खन्नी पहुंचे और उन्होंने अलग-अलग विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों से योजनाओं और उनके क्रियान्वयन को लेकर जानकारी ली। बताया गया कि कमिश्नर ने अधिकारियों से एक-एक कर सवाल किए, लेकिन कई सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर अधिकारी असहज नजर आए।

मंच पर बुलाए गए कई हितग्राही नहीं पहुंचे

शिविर के दौरान उस समय प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल उठे, जब विभिन्न योजनाओं का लाभ देने के लिए जिन हितग्राहियों के नाम मंच से पुकारे गए, उनमें से कई मौके पर मौजूद नहीं थे। जानकारी लेने पर बताया गया कि कुछ हितग्राही धान की रोपाई के लिए दूसरे गांवों में गए हुए हैं।

MP News: 5 हजार की रिश्वत लेते लाइनमैन रंगे हाथ गिरफ्तार, मीटर लगाने के नाम पर मांगे थे 10 हजार

ग्रामीणों का कहना है कि यदि हितग्राहियों को पहले से कार्यक्रम की जानकारी दी गई थी, तो उन्हें शिविर में बुलाने की उचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई। इससे अभियान के उद्देश्य और प्रशासनिक तैयारी को लेकर सवाल खड़े हुए।

PM आवास और राशन कार्ड के लिए भी सामने आई शिकायतें

Ashoknagar News: शिविर में कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें अब तक प्रधानमंत्री आवास, राशन पर्ची और राशन कार्ड जैसी मूलभूत योजनाओं का लाभ नहीं मिला है। कमिश्नर ने संबंधित विभागों से इस संबंध में जानकारी ली और पात्र हितग्राहियों के नाम नोट किए गए।

सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, लेकिन पहले ही शिविर में लाभ से वंचित लोगों की शिकायतें सामने आने से जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

हितग्राहियों से ज्यादा नजर आए अधिकारी-कर्मचारी

शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। हालांकि कार्यक्रम में ग्रामीण हितग्राहियों की अपेक्षा अधिकारी-कर्मचारियों की संख्या अधिक नजर आने की बात कही गई। प्रशासन की ओर से सभी विभागों के माध्यम से मौके पर समस्याओं के समाधान का दावा किया गया।

मीडिया कवरेज को लेकर भी उठे सवाल

Ashoknagar News: शिविर के दौरान मीडिया कवरेज को लेकर भी विवाद की स्थिति बनने का आरोप है। बताया गया कि जब कमिश्नर ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर रहे थे, उसी दौरान मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों को कैमरा बंद करने के लिए कहा गया और बाद में कार्यक्रम स्थल से बाहर जाने को कहा गया।

इस घटनाक्रम को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि यदि अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सामने लाकर उनका समाधान करना है, तो मीडिया कवरेज को लेकर ऐसी पाबंदी क्यों लगाई गई। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

MP News: वनकर्मियों को बड़ी कानूनी राहत, ड्यूटी के दौरान गोली चलाने पर सीधे FIR नहीं

कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

Ashoknagar News: कार्यक्रम में कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा, पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक बृजेंद्र सिंह यादव, जनपद अध्यक्ष विजयलक्ष्मी जैन, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनीष मोदी, मंडल अध्यक्ष नागेंद्र सिंह परिहार, सांसद प्रतिनिधि पुष्पेंद्र दांगी, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि धर्मेंद्र जैन और मंडल अध्यक्ष अमरीश बेस सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

अब देखना होगा कि हर शुक्रवार आयोजित होने वाले जनविश्वास अभियान के आगामी शिविरों में ग्रामीणों की शिकायतों का कितनी तेजी से निराकरण होता है और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ वास्तव में पहुंच पाता है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here