Betul Road Accident: बैतूल में दर्दनाक सड़क हादसा RTO कार्यालय से अनुबंधित इनोवा की टक्कर से युवक की मौत, दो गंभीर घायल

Anuj Nirala

Betul Road Accident: शशांक सोनकपुरिया\ बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा जिला परिवहन अधिकारी (RTO) कार्यालय से अनुबंधित एक इनोवा वाहन की टक्कर से हुआ। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, डायल-112 और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना-प्रवण स्थानों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर डिवाइडर की गलत डिजाइन और एनएचआई की लापरवाही के कारण पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रभावी सुधार नहीं किए गए।

पीछे से मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय से अनुबंधित इनोवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

Singrauli News: सिंगरौली में सरकार के आदेश बेअसर! पोड़ी पाठ का खुला कुआं बना मौत का जाल

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक पर सबसे पीछे बैठे 24 वर्षीय मुकेश पांसे, पिता रामचरण पांसे, निवासी हमलापुर मांझी नगर, गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मुकेश मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।

दो युवक अस्पताल में भर्ती

Betul Road Accident: दुर्घटना में घायल दो अन्य युवकों की पहचान सुरेंद्र करचुले (25 वर्ष), निवासी सरई (हाल मुकाम बैतूल), तथा आकाश (29 वर्ष), निवासी हमलापुर के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय से अनुबंधित इनोवा वाहन की पीछे से टक्कर लगने के कारण हुई। पुलिस वाहन चालक से पूछताछ कर रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

एनएचआई की कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल

Betul Road Accident: स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां डिवाइडर की दूरी और सड़क की संरचना लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की लापरवाही के चलते इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है।ग्रामीणों ने मांग की है कि दुर्घटना-प्रवण इस क्षेत्र का तकनीकी निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा के स्थायी इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

MP Congress: कटनी में हाई सिक्योरिटी के बीच कांग्रेस का ‘संगठन सृजन’ अभियान, जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

जांच रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे की वास्तविक वजह क्या थी और इसमें किसकी लापरवाही सामने आती है। वहीं मृतक के परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *