Ujjain News: महाकाल की शाही सवारी में जेबकतरों का कहर, 50 से ज्यादा श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स और सोने की चेन चोरी

Anuj Nirala

Ujjain News: उज्जैन। सावन के पहले सोमवार को भगवान महाकाल की भव्य शाही सवारी में लाखों श्रद्धालु आस्था के सागर में डूबे नजर आए, लेकिन इसी भारी भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों और चेन स्नेचरों ने दर्जनों लोगों को अपना शिकार बना लिया। सवारी मार्ग और महाकाल मंदिर में दर्शन के दौरान 50 से अधिक श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और सोने की चेन चोरी होने की शिकायतें सामने आई हैं। इन घटनाओं के बाद महाकाल, कोतवाली और खाराकुआं थाना पुलिस हरकत में आई और दो दर्जन से अधिक संदिग्ध महिला-पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ बनी बदमाशों के लिए मौका

महाकाल मंदिर में सावन के पहले सोमवार को करीब तीन लाख श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे, जबकि शाही सवारी मार्ग पर डेढ़ लाख से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ी। भीड़ और अव्यवस्था का फायदा उठाकर जेबकतरों ने श्रद्धालुओं के बैग, जेब और पर्स से मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। कई महिलाओं ने गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी होने की शिकायत भी दर्ज कराई है।

MP Government: CM मोहन यादव का बड़ा विजन 9 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, सांदीपनि विद्यालयों में बनेंगे आधुनिक खेल परिसर

हरसिद्धि मंदिर क्षेत्र में सबसे ज्यादा वारदात

Ujjain News: पुलिस के अनुसार सबसे अधिक शिकायतें हरसिद्धि मंदिर और आसपास के क्षेत्र से प्राप्त हुई हैं। रतलाम निवासी अनिता और उनकी रिश्तेदार आरती ने हरसिद्धि चौराहे पर मंगलसूत्र चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं मुंबई से आए श्रद्धालु श्रीजी ने बताया कि भीड़ के बीच एक महिला उनके गले से सोने की चेन खींचकर फरार हो गई।

महिला चोरों के गिरोह की आशंका

मीरा रोड (मुंबई) निवासी बबीता ने बताया कि हरसिद्धि मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान एक महिला ने उनके गले से चेन खींचने की कोशिश की। उन्होंने समय रहते पेंडेंट पकड़ लिया और शोर मचाया। इस दौरान परिजनों ने एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया, लेकिन आरोप है कि उसने चेन पहले ही एक बच्ची को देकर वहां से हटवा दी थी। पकड़ी गई महिला को महाकाल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इसी तरह जयपुर निवासी कमलाबाई के साथ भी चेन चोरी की घटना सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में तीन महिला संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पहले चला अभियान, फिर भी नहीं रुकी वारदातें

Ujjain News: शाही सवारी से एक दिन पहले उज्जैन पुलिस ने जेबकतरों और चेन स्नेचरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया था। शंकरपुर, पारी डेरा, मालगोदाम रोड, कार्तिक मेला मैदान, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाकर 21 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था। इसके बावजूद शाही सवारी के दौरान बड़ी संख्या में चोरी की घटनाएं सामने आने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Omkareshwar News: श्रावण के पहले सोमवार पर ओंकारेश्वर में निकली भव्य शाही सवारी, दर्शन को उमड़ा जनसैलाब

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

Ujjain News: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी शिकायतों के आधार पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सवारी मार्ग और मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर चोरी का सामान बरामद किया जाएगा।

महाकाल की शाही सवारी में हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर बड़े धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और जेबकतरों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि आस्था के सबसे बड़े आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत किए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *