Bastar Chitrakote Security Lapse: चित्रकोट सर्किट हाउस की छत पर रील बनाने की सनक, महिला ने जान जोखिम में डाल सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो, सुरक्षा पर उठे सवाल

VIKASH KHALKHO

Bastar Chitrakote Security Lapse: जगदलपुर/बस्तर। बस्तर जिले के प्रसिद्ध विश्वविख्यात पर्यटन केंद्र चित्रकोट से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया पर रील बनाने की सनक में एक महिला द्वारा अपनी जान से खिलवाड़ करने के साथ-साथ परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने का मामला उजागर हुआ है। महिला ने अति-संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले चित्रकोट सर्किट हाउस की छत पर चढ़कर डांस करते हुए रील बनाई और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीआईपी सुरक्षा वाले परिसर में बड़ी लापरवाही

उल्लेखनीय है कि चित्रकोट स्थित सर्किट हाउस में शासन-प्रशासन के उच्चाधिकारियों, मंत्रियों और वीआईपी मेहमानों का लगातार आना-जाना बना रहता है। इस वजह से सर्किट हाउस और उसके आसपास के इलाके की सुरक्षा का जिम्मा हमेशा पुलिस कर्मियों और सुरक्षा बलों के हवाले रहता है। इसके बावजूद एक आम महिला का बिना किसी रोक-टोक के सर्किट हाउस की छत तक पहुंच जाना और वहां बेफिक्र होकर गानों पर डांस करते हुए रील बनाना, सुरक्षा व्यवस्था में भारी सेंधमारी और स्थानीय कर्मचारियों की घोर लापरवाही को दर्शाता है।

इंस्टाग्राम पर कई वीडियो किए पोस्ट

महिला द्वारा अपने इंस्टाग्राम हैंडल से अपलोड किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि वह छत के मुंडेर के पास नाचते हुए रील बना रही है। वहीं, एक अन्य वीडियो में उसके साथ कुछ अन्य पुरुष भी दिखाई दे रहे हैं। इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर प्रतिबंधित और सुरक्षा घेरे में रहने वाले सर्किट हाउस की छत पर जाने की अनुमति महिला को किसने और किस आधार पर दी?

सुरक्षा और जान-माल के खतरे पर उठे सवाल

पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि रील बनाने के दौरान महिला का संतुलन बिगड़ जाता या पैर फिसल जाता और वह ऊंचाई से गिर जाती, तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होता? इस घटना ने न सिर्फ पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को उजागर किया है, बल्कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा प्रणाली पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। फिलहाल इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमला मामले की जांच और जवाबदेही तय करने में जुट गया है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *