Harda Mystery Death Case: होटल के बाथरूम में मिला संविदा सब इंजीनियर का शव, कमरे का दरवाजा अंदर से था बंद

VIKASH KHALKHO

Harda Mystery Death Case: हरदा (मध्य प्रदेश)। हरदा शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ‘मिश्रा पैलेस होटल’ में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां ठहरे मनरेगा (MGNREGA) के एक संविदा सब इंजीनियर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के बाथरूम में मिला। मृतक की पहचान गौरव दुबे (54 वर्ष), निवासी इंद्रपुरी (भोपाल) के रूप में हुई है।

घटना के वक्त कमरे का दरवाजा अंदर से पूरी तरह बंद था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

15 वर्षों से मिश्रा पैलेस होटल में ही रह रहे थे गौरव दुबे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरव दुबे हरदा जनपद पंचायत में मनरेगा योजना के तहत संविदा सब इंजीनियर के पद पर पदस्थ थे। वे पिछले करीब 15 वर्षों से हरदा के मिश्रा पैलेस होटल के रूम नंबर 113 में स्थायी रूप से रह रहे थे। उनका परिवार, जिसमें उनकी पत्नी, बेटा और बेटी शामिल हैं, भोपाल के इंद्रपुरी इलाके में रहता है।

फोन न उठने पर गहराया शक, दरवाजा तोड़ा तो उड़े होश

घटनाक्रम के मुताबिक, सोमवार से ही उनके साथी कर्मचारी और परिवार के सदस्य उनके मोबाइल पर लगातार संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिल रहा था। मंगलवार सुबह भी जब परिजनों और कर्मचारियों के बार-बार कॉल करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं हुआ, तो चिंतित कर्मचारी खुद होटल पहुंचे।

होटल के रूम नंबर 113 के बाहर जाकर देखा गया तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और भीतर मोबाइल की घंटी लगातार बज रही थी। अनहोनी की आशंका जताते हुए होटल प्रबंधन और कर्मचारियों ने तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस को सूचित किया।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने उपस्थित लोगों के सामने कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर जाने पर सब इंजीनियर गौरव दुबे का शव बाथरूम में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला।

मामले की जानकारी देते हुए सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोशन लाल भारती ने बताया:

“प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक (हृदय गति रुकने) से मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।”

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भोपाल से हरदा के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस होटल के अन्य कर्मचारियों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *