Indore Conclave: इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर शनिवार को प्रदेश के सबसे बड़े युवा आयोजनों में से एक का गवाह बनने जा रही है। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले ‘माय यूथ माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ में प्रदेशभर से करीब 5 हजार युवा एक मंच पर जुटेंगे। इस मेगा कॉन्क्लेव का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच को नई दिशा देना है, ताकि उन्हें विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में भागीदार बनाया जा सके।
इस वर्ष कॉन्क्लेव की थीम ‘वन स्टेट, वन जनरेशन, वन संकल्प’ रखी गई है, जिसके माध्यम से युवाओं को प्रदेश के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश देंगे।
READ MORE: MP News: टिकट कटने के बाद पहली बार बोले नरोत्तम मिश्रा, सामने आया पहला बड़ा बयान
Indore Conclave: सुबह 10 बजे शुरू होने वाले इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए छात्र-छात्राएं, स्टार्टअप उद्यमी, युवा किसान, खिलाड़ी, नवप्रवर्तक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा भाग लेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12 बजे कार्यक्रम में पहुंचकर युवाओं से संवाद करेंगे और उनकी अपेक्षाओं, सुझावों तथा नवाचारों पर चर्चा करेंगे।
शिक्षा से स्टार्टअप तक, हर क्षेत्र पर होगा मंथन
कॉन्क्लेव में शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्टार्टअप, एमएसएमई, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण, पर्यटन, संस्कृति, खेल और जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं की मौजूदगी में युवा अपने विचार साझा करेंगे और प्रदेश के विकास के लिए व्यवहारिक सुझाव देंगे।
कार्यक्रम की सबसे खास विशेषता पांच समानांतर विषयगत कार्यशालाएं होंगी, जहां युवा समूहों में बैठकर विभिन्न क्षेत्रों की चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा करेंगे। इन चर्चाओं से निकले सुझावों को संकलित कर ‘युवा संकल्प’ तैयार किया जाएगा, जो भविष्य के विकसित मध्यप्रदेश का विजन डॉक्यूमेंट माना जाएगा।
युवाओं के लिए होंगे कई आकर्षण
Indore Conclave: कॉन्क्लेव केवल संवाद का मंच नहीं होगा, बल्कि युवाओं के उत्साह और ऊर्जा का भी उत्सव बनेगा। कार्यक्रम में मोटरसाइकिल रैली, साइकिल रैली, युवा सम्मान समारोह, प्रेरणादायी उद्बोधन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, इंटरएक्टिव सेशन, म्यूजिक स्टेज, इंदौरी फूड स्ट्रीट और कई रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं को इस अवसर पर सम्मानित भी किया जाएगा, ताकि अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिल सके।
5 हजार युवा एक साथ लेंगे विकसित मध्यप्रदेश का संकल्प
Indore Conclave: कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण क्षण वह होगा, जब प्रदेशभर से आए लगभग 5 हजार युवा एक साथ विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेंगे। इस दौरान युवाओं को समाज, राष्ट्र और प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया जाएगा।
सरकार का मानना है कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और यही सोच इस कॉन्क्लेव की आधारशिला है। ‘माय यूथ माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ युवाओं के विचारों को नीति निर्माण से जोड़ने और उन्हें प्रदेश के विकास का भागीदार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।







