Ujjain News: उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में रविवार रात तेज बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। हरिफाटक चौराहे के पास 11 केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे बारिश के पानी में करंट फैल गया। इसी दौरान बाइक से वहां से गुजर रहे 35 वर्षीय छोटू उर्फ आकाश पटेल करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार उनके दो भतीजों ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली।
खरीदारी कर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, तालोद गांव निवासी छोटू उर्फ आकाश पटेल अपने दो भतीजों के साथ बाइक से उज्जैन में खरीदारी करने के बाद घर लौट रहे थे। हरिफाटक स्थित शिप्रा ढाबा के सामने, गोल्डन पेट्रोल पंप के आगे सड़क पर बारिश का पानी भरा हुआ था। इसी दौरान उनकी बाइक उस स्थान पर पहुंची, जहां 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटकर पानी में गिरा हुआ था।
पानी में फैले करंट से गई जान
Ujjain News: बारिश के पानी में करंट फैलने के कारण आकाश पटेल उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं बाइक पर बैठे दोनों भतीजों ने खतरे को भांपते हुए तुरंत बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई।
READ MORE: MP में बड़ा खुलासा! एक डॉक्टर, दो जिलों में नौकरी और दोनों जगह से वेतन, मचा हड़कंप
पुलिस ने शुरू की जांच
Ujjain News: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिरना माना जा रहा है।

परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने मृतक के परिजनों के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। प्रशासन ने संबंधित विभाग से घटना के कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश भी दिए हैं।







