Agar Malwa Fake Currency: भोपाल/आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी कृषि सेवा केंद्र की आड़ में नकली नोट तैयार करने का धंधा चला रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 500-500 रुपये के 115 कथित नकली नोट, जिनकी कुल कीमत 57 हजार 500 रुपये है, बरामद किए गए हैं। इसके अलावा रंगीन प्रिंटर, पेपर कटर और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा
Agar Malwa Fake Currency: पुलिस को सूचना मिली थी कि नलखेड़ा बस स्टैंड स्थित पवार कृषि सेवा केंद्र में नकली नोट तैयार किए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही नलखेड़ा थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान पर दबिश दी।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से नरेंद्र सिंह सौंधिया और शुभम सोलंकी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान एक बैग से 500 रुपये के 115 कथित नकली नोट बरामद हुए।
यूट्यूब देखकर सीखा नकली नोट बनाना
Agar Malwa Fake Currency: पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यूट्यूब वीडियो देखकर नकली नोट बनाने का तरीका सीखा था।पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले असली 500 रुपये के नोट को स्कैन करते थे। इसके बाद रंगीन प्रिंटर से उसकी प्रिंट कॉपी निकालते और पेपर कटर की मदद से नोट को असली आकार में काटकर तैयार करते थे।
एक जैसे मिले कई सीरियल नंबर
Agar Malwa Fake Currency: जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि बरामद कई नोटों के सीरियल नंबर एक जैसे थे, जिससे उनके कथित रूप से नकली होने की पुष्टि हुई।मौके से पुलिस ने रंगीन प्रिंटर, पेपर कटर, प्रिंटिंग पेपर, नकली नोट और अन्य सामग्री भी जब्त की है, जिनका उपयोग कथित तौर पर नकली नोट तैयार करने में किया जा रहा था।
बाजार में कितने नकली नोट खपाए? जांच जारी
Agar Malwa Fake Currency: दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितने कथित नकली नोट बाजार में चलाए और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Agar Malwa Fake Currency: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी बड़े गिरोह या अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
Agar Malwa Fake Currency: पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध नोट या नकली मुद्रा की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही बड़े मूल्य के नोट लेते समय उनके सुरक्षा फीचर्स की जांच अवश्य करें, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।







