Viral Video Jagdalpur: जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग अंतर्गत जगदलपुर शहर से एक बेहद विचलित और आक्रोशित करने देने वाली घटना सामने आई है। शहर के व्यस्ततम धरमपुरा इलाके में स्थित ‘विशल मेगा मार्ट’ (Vishal Mega Mart) के बाहर कार पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इस कदर हिंसक हो गया कि एक सिरफिरे युवक ने वहां मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी कर रहे एक बुजुर्ग सुरक्षा गार्ड को जमीन पर पटक दिया। दबंग युवक यहीं नहीं रुका, उसने मर्यादाओं की सारी हदें पार करते हुए असहाय बुजुर्ग गार्ड को पत्थरों और जमीन पर घसीट-घसीटकर बेरहमी से पीटा। इस खौफनाक और अमानवीय कृत्य का पूरा घटनाक्रम मॉल के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गया है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है।
खुद को बचाने गिड़गिड़ाते रहे बुजुर्ग, पर नहीं पसीजा हैवान का दिल
वायरल हो रहे दर्दनाक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सफेद बालों वाले बुजुर्ग सुरक्षा गार्ड अपनी ढलती उम्र और लाचारी के कारण खुद को बचाने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। वे युवक के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ा रहे हैं, लेकिन गुस्से में अंधा हो चुका युवक लगातार उन पर घूंसे और लातें बरसाता नजर आ रहा है। वह बुजुर्ग को कॉलर से पकड़कर घसीटता है, जिससे सार्वजनिक स्थान पर मौजूद अन्य लोग भी सहम जाते हैं।
बेटी ने दर्ज कराई FIR, सख्त से सख्त सजा की मांग
इस बर्बर घटना के बाद पीड़ित बुजुर्ग गार्ड लहूलुहान हो गए, जिन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित की बेटी और परिवार के अन्य सदस्य आक्रोशित हो उठे। गार्ड की बेटी ने स्थानीय कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से तत्काल सख्त धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है।
सोशल मीडिया पर फूटा जनता का गुस्सा, सुरक्षा पर उठे सवाल
मॉल के बाहर हुई इस सरेआम मारपीट ने बड़े व्यापारिक केंद्रों और सार्वजनिक स्थानों पर तैनात निजी सुरक्षाकर्मियों (Security Guards) की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंटरनेट पर वीडियो वायरल होने के बाद नेटिजन्स और जगदलपुर के स्थानीय नागरिकों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। लोग आरोपी युवक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन के नंबर और आरोपी की पहचान की जा रही है, और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानून का पाठ पढ़ाया जाएगा।







