GPM Marwahi News: मरवाही/गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (शेख असलम की रिपोर्ट): छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के मरवाही थाना क्षेत्र से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद खौफनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। क्षेत्र के ग्राम उषाढ में शनिवार दोपहर दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक प्रतिष्ठित स्थानीय व्यवसायी को उनके ही घर से पिस्तौल की नोक पर अगवा कर लिया। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक किडनैपिंग की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और व्यापारियों सहित स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
सो रहे व्यवसायी को जगाकर दी पैर में गोली मारने की धमकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उषाढ निवासी गिरीश यादव जो कि इलाके में किराना, छड़-सीमेंट और आटा चक्की का बड़ा व्यवसाय करते हैं, शनिवार दोपहर करीब 11:00 बजे अपने घर के गलियारे में आराम कर रहे थे। दुकान पर उनका बेटा पंकज यादव मौजूद था। इसी दौरान एक नीले रंग की कार में सवार होकर दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने पहले दुकान पर बैठे बेटे पंकज से पिता गिरीश यादव के बारे में पूछताछ की और फिर सीधे घर के भीतर दाखिल हो गए। वहां उन्होंने सो रहे गिरीश यादव को जगाया और स्टील रंग की पिस्तौल तान दी। बदमाशों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और जब गिरीश यादव ने इसका विरोध किया, तो उन्होंने पैर में सीधे गोली मार देने की खौफनाक धमकी दी और उन्हें जबरन खींचते हुए कार में बैठा लिया।
भाई ने रोकने की कोशिश की, पर तेज रफ्तार कार लेकर भागे किडनैपर्स
अपहरण की इस वारदात को अंजाम देकर जैसे ही बदमाश कार लेकर भागे, घटना की भनक व्यवसायी के छोटे भाई को लग गई। उसने हिम्मत दिखाते हुए बरौर क्षेत्र के पास बदमाशों की कार को रोकने का पुरजोर प्रयास किया, लेकिन अपहरणकर्ताओं ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी और पीड़ित को कुचलने का प्रयास करते हुए मरवाही की ओर तेजी से फरार हो गए।
एसपी और मरवाही पुलिस अलर्ट, नाकेबंदी कर सर्चिंग तेज
घटना के तुरंत बाद गिरीश यादव की पत्नी दुर्गा यादव ने रोते-बिलखते हुए मरवाही थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार के नंबर और संदिग्धों के हुलये को खंगाल रही हैं। जिले के सभी मुख्य मार्गों और सीमाओं पर सघन नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और व्यवसायी को जल्द ही सुरक्षित बरामद कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।









