Makdi News: रोशन सेन /माकड़ी: जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र कोण्डागांव द्वारा जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 19 जून 2026, शुक्रवार को एक दिवसीय जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला कलेक्टोरेट परिसर, कोण्डागांव में प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगा।
Makdi News: रोजगार मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार रोजगार मेले में कुल 24 रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा। इनमें सेल्स एग्जीक्यूटिव 05 पद, फील्ड स्टॉफ 05 पद, सेल्स गर्ल्स 05 पद, सेल्स बॉय 05 पद एवं हेल्पर के 05 पद शामिल हैं।
Makdi News: रोजगार मेले में दंतेश्वरी मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड तथा सुमित बाजार कोण्डागांव सहित निजी क्षेत्र के नियोजक भाग लेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को कोण्डागांव में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। विभिन्न पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास से लेकर स्नातक तक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है तथा अनुभवधारी एवं नवीन अभ्यर्थी दोनों आवेदन कर सकते हैं।
Makdi News: जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र, निवास एवं जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज फोटो के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।









