Chhattisgarh Pre-monsoon Update: छत्तीसगढ़ के इस जिले में 60 किमी रफ्तार से चलेगी हवा, अगले 5 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट

Sanjay Sahu
Chhattisgarh Pre-monsoon Update

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय होती जा रही हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है। बारिश और बादलों की वजह से अधिकांश इलाकों में तापमान में 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की अतिरिक्त कमी देखने को मिल सकती है।

अगले पांच दिनों तक बारिश संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं। इसके प्रभाव से आने वाले पांच दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

राजनांदगांव रहा सबसे गर्म
बारिश और मौसम में बदलाव के बावजूद प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।वहीं दूसरी ओर अंबिकापुर सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली है, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई है।

रायपुर में बारिश-आंधी के आसार
राजधानी रायपुर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने जारी की सावधानी की सलाह
खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि गरज-चमक और बिजली गिरने के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें। पेड़ों के नीचे खड़े न हों और बिजली के खंभों या खुले तारों से दूरी बनाए रखें।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *