Indore Mandi Attack: इंदौर | शहर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित चोइथराम सब्जी मंडी में देर रात शराबियों द्वारा मंडी कर्मचारियों के साथ मारपीट और हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। हमले में चार कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
Indore Mandi Attack:जानकारी के अनुसार, चोइथराम मंडी में काम करने वाले चार कर्मचारी देर रात अपना काम खत्म कर मंडी से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद चार से पांच अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे।
Indore Mandi Attack:सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपियों ने पहले कर्मचारियों से पैसे मांगे, लेकिन जब कर्मचारियों ने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपी भड़क गए और अचानक मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपियों ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया।
Indore Mandi Attack:घायलों का आरोप है कि हमलावरों के पास चाकू भी था और उसी से हमला किया गया। हमले में एक कर्मचारी को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य घायल कर्मचारियों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Indore Mandi Attack:वीडियो वायरल होने के बाद राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल रिपोर्ट में भी चाकू से हमला किए जाने की पुष्टि सामने आई है।
Indore Mandi Attack:पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Indore Mandi Attack:पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे की हालत में की गई यह हरकत गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है। साथ ही यह घटना क्षेत्र में डर और दहशत फैलाने की कोशिश भी प्रतीत होती है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।घटना के बाद मंडी में काम करने वाले कर्मचारियों और व्यापारियों में भी नाराजगी और डर का माहौल देखा जा रहा है।









