Wednesday, August 19, 2026
Home Madhya Pradesh M.P News : बुरहानपुर में किराना दुकान से नाबालिगों के हाथों शराब...

M.P News : बुरहानपुर में किराना दुकान से नाबालिगों के हाथों शराब बिक्री! वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप

Burhanpur Illegal Liquor Sale :मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले से एक कथित वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। नेपानगर तहसील के सोनूद गांव का बताया जा रहा यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में किराना दुकान के अंदर नाबालिग बच्चों द्वारा शराब बिक्री किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि मीडिया इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता।

वायरल वीडियो में छोटे बच्चे दुकान के भीतर ग्राहकों को शराब देते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गांवों में लंबे समय से किराना दुकानों की आड़ में अवैध शराब बिक्री का कारोबार चल रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभागों को इसकी जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे ऐसे कारोबारियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस मामले के बाद आबकारी विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांवों में खुलेआम शराब बिक्री हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अनदेखी कर रहे हैं।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो नाबालिग बच्चों को इस तरह के काम में शामिल नहीं होना पड़ता।

नाबालिगों के हाथों शराब बिक्री

SDM ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला ने आबकारी विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों के अनुसार बच्चों को शराब बिक्री जैसे गैरकानूनी कार्यों में शामिल करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
Read more : MP-CG Medical Strike: आज बंद रहेंगे 59 हजार से ज्यादा मेडिकल स्टोर, जानिए कहां मिलेगी दवा

बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता
स्थानीय लोगों ने इस पूरे मामले को बेहद चिंताजनक बताया है। उनका कहना है कि नाबालिग बच्चों को शराब बिक्री जैसे काम में शामिल करना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है बल्कि इससे बच्चों के मानसिक और सामाजिक विकास पर भी बुरा असर पड़ सकता है।गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब बिक्री पर सख्ती से रोक लगाई जाए और बच्चों को ऐसे माहौल से दूर रखा जाए।

नशामुक्ति अभियान पर भी उठे सवाल
एक तरफ सरकार नशामुक्ति अभियान चलाने की बात कर रही है, वहीं दूसरी तरफ गांवों में अवैध शराब बिक्री के आरोप सामने आने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी मजबूत नहीं हुई तो ऐसे मामले लगातार बढ़ सकते हैं।अब सभी की नजर प्रशासन और आबकारी विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here