बस स्टैंड से अगवा 2 वर्षीय मासूम 36 घंटे में सकुशल बरामद, झारखंड से आरोपी गिरफ्तार

Gautam Rawat

Singrauli Kidnapping Case:Singrauli जिले के बैढ़न बस स्टैंड से अगवा की गई 2 वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने झारखंड के लातेहार जिले से आरोपी विनोद महतो को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को पुलिस के “मुस्कान अभियान” की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम नगौरा चटनिया टोला थाना जियावन निवासी अर्जुन सिंह गोंड ने 16 मई को थाना बैढ़न में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 15 मई की रात वह अपनी दो वर्षीय पुत्री मनीषा सिंह के साथ बैढ़न बस स्टैंड में सो रहा था। देर रात जब उसकी नींद खुली तो बच्ची वहां से गायब थी।

परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

Singrauli Kidnapping Case:मामले की गंभीरता को देखते हुए Shiyaz K. M. के निर्देशन में विशेष एसआईटी टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और सीएसपी विंध्यनगर राहुल सैयाम के नेतृत्व में लगभग 150 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की 10 टीमें बच्ची की तलाश में जुट गईं।

पुलिस ने आरोपी और बच्ची की जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये इनाम देने की भी घोषणा की। जांच के दौरान पुलिस ने बैढ़न शहर के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, डैम, सुनसान क्षेत्रों और अस्पतालों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को लेकर ट्रामा सेंटर रोड से बिलौजी की ओर जाते देखा गया है। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और बस चालकों से पूछताछ की, जिसमें पता चला कि संदिग्ध व्यक्ति माजन मोड़ में उतरा था और नौगढ़ जाने का रास्ता पूछ रहा था।

पुलिस टीम ने तत्काल नौगढ़ क्षेत्र में घर-घर तलाशी अभियान चलाया। पूछताछ के दौरान शबनम परवीन नामक महिला ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति का नाम विनोद महतो है, जो झारखंड के लातेहार जिले का रहने वाला है और बच्ची को लेकर अपने गांव चला गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीमें झारखंड रवाना हुईं। पुलिस ने ग्राम मासीआतो थाना बालूमार जिला लातेहार में दबिश देकर आरोपी विनोद महतो को गिरफ्तार कर लिया और मासूम बच्ची मनीषा सिंह को सकुशल बरामद कर लिया।

Singrauli Kidnapping Case:बाद में पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया। बच्ची के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *