Farmer Protest:Indian National Congress और जिला किसान कांग्रेस द्वारा किसानों की समस्याओं को लेकर सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गेहूं उपार्जन केंद्रों पर किसानों को हो रही परेशानियों और तुलाई में कथित गड़बड़ी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गरमा गया और पुलिस तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर जद्दोजहद देखने को मिली।
कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि गेहूं उपार्जन केंद्रों पर किसानों की उपज तुलाई में वजन को लेकर अनियमितताएं हो रही हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी सुनवाई नहीं कर रही।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारे लगाए। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कृषि मंत्री का पुतला जलाने का प्रयास किया, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
इसी दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। माहौल बिगड़ता देख नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पानी की बौछार की गई।
दमकल की तेज पानी की बौछार के बाद प्रदर्शनकारी इधर-उधर भागते नजर आए। कई कांग्रेस नेता पुतला लेकर भागते दिखाई दिए, जबकि कुछ कार्यकर्ता सड़क किनारे जमा होकर नारेबाजी करते रहे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों की आवाज दबाने के लिए प्रशासन बल प्रयोग कर रहा है। उनका कहना था कि जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
जिला कांग्रेस और जिला किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि गेहूं उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था नहीं सुधारी गई और किसानों को राहत नहीं मिली, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
ज्ञात हो कि जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है और प्रशासन पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगा रही है।









