mp news drug inspector raid medical stores:रीवा:जिले में फूड एंड ड्रग विभाग के निर्देश पर शुक्रवार सुबह से ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम ने नर्सिंग होम और मेडिकल स्टोर्स पर अचानक छापेमारी शुरू की। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कई जगहों पर मेडिकल स्टोर संचालक जांच की भनक लगते ही दुकान बंद कर मौके से फरार हो गए।
टीम ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दवाओं के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर, केमिस्ट की उपस्थिति और एनडीपीएस श्रेणी की दवाओं की बिक्री की जांच की। विभाग का मुख्य फोकस यह सुनिश्चित करना था कि बिना प्रिस्क्रिप्शन के नशे में इस्तेमाल होने वाली दवाएं न बेची जाएं और ग्राहकों से ओवररेटिंग न की जाए।
जांच के दौरान कई मेडिकल स्टोर्स और एक नर्सिंग होम के मेडिकल स्टोर में अनियमितताएं पाई गईं, जिन्हें नोट शीट में दर्ज किया गया है। सभी दस्तावेज सील कर भोपाल मुख्यालय भेजे जाएंगे, जहां से आगे की कार्रवाई तय होगी।
ड्रग इंस्पेक्टर राधेश्याम भट्टी ने बताया कि यह कार्रवाई मुख्यालय के निर्देश पर की जा रही है और जिन संस्थानों में गड़बड़ी मिली है, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी।









