MP CRIME:मध्य प्रदेश के Gwalior में क्राइम ब्रांच पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी करने वाले एक डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्टाकार्ट कंपनी से लाखों रुपए के आईफोन लेकर फरार हो गया था। आरोपी ने बेहद शातिर तरीके से आईफोन के डिब्बों में पत्थर भरकर ऑफिस में छोड़ दिए थे ताकि वजन बराबर रहे और किसी को तुरंत शक न हो।
डिलीवरी के नाम पर लेकर गया था 28 पार्सल
MP CRIME:जानकारी के अनुसार, गोविंदपुरी स्थित सिल्वर एस्टेट के इंस्टाकार्ट ऑफिस के लीडर राजकुमार ने अप्रैल महीने में क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी में काम करने वाला डिलीवरी बॉय ध्रुव सेन 21 जनवरी की सुबह डिलीवरी के लिए 28 पार्सल लेकर निकला था।
दोपहर तक उसने ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम में 16 पार्सलों की डिलीवरी भी दिखा दी, लेकिन शाम तक वह ऑफिस वापस नहीं लौटा। इसके बाद कंपनी को शक हुआ।
आईफोन बॉक्स में पत्थर भरकर छोड़े
जब कंपनी कर्मचारियों ने आरोपी द्वारा छोड़े गए बैग और सामान की जांच की तो सभी हैरान रह गए। आरोपी ने एप्पल आईफोन के डिब्बों में मोबाइल की जगह पत्थर भर दिए थे ताकि वजन बराबर बना रहे और किसी को तुरंत चोरी का पता न चल सके।
ढाई महीने तक तलाश करती रही कंपनी
कंपनी ने अपने स्तर पर करीब ढाई महीने तक आरोपी की तलाश की। इस दौरान आरोपी का मोबाइल लगातार बंद मिला। बाद में कंपनी ने पूरे मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच पुलिस से की।
घर लौटते ही पुलिस ने दबोचा
MP CRIME:शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ध्रुव सेन अपने घर पटियावाला मोहल्ला, अजयपुर गिरवाई इलाके में आया हुआ है।सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
READ MORE: mp news-indore-cotton-warehouse-fire:इंदौर में रूई के गोदाम में लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप
पुलिस कर रही पूछताछ
फिलहाल क्राइम ब्रांच पुलिस आरोपी से चोरी किए गए आईफोन मोबाइल के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मोबाइल बरामद कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद ऑनलाइन डिलीवरी सिस्टम और कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।









