Gold-Silver Price Crash: नई दिल्ली। सोना और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही दोनों कीमती धातुओं के दाम तेजी से टूट गए। सोना करीब 3 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया, जबकि चांदी के दामों में 17 हजार रुपए प्रति किलो से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
जानकारी के मुताबिक सरकार द्वारा गोल्ड और सिल्वर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाए जाने के बाद पहले इनकी कीमतों में तेज उछाल आया था। खासकर चांदी 13 मई को रिकॉर्ड तेजी के साथ महंगी हुई थी, लेकिन अब बाजार में अचानक गिरावट शुरू हो गई है।
Gold-Silver Price Crash: एमसीएक्स पर 3 जुलाई एक्सपायरी वाली चांदी गुरुवार को 2,91,102 रुपए प्रति किलो पर बंद हुई थी, जो शुक्रवार सुबह गिरकर 2,73,636 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। यानी एक ही दिन में चांदी 17,466 रुपए सस्ती हो गई। वहीं पिछले दो दिनों में चांदी करीब 26,602 रुपए प्रति किलो तक टूट चुकी है।
अगर चांदी के रिकॉर्ड स्तर की बात करें, तो जनवरी में पहली बार इसका भाव 4 लाख रुपए प्रति किलो के पार पहुंचा था और बाद में 4,57,328 रुपए प्रति किलो के ऑल टाइम हाई स्तर तक चला गया था। अब मौजूदा कीमत इसके रिकॉर्ड स्तर से करीब 1.83 लाख रुपए कम है।
सोने की कीमतों में भी शुक्रवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली। 5 जून एक्सपायरी वाला सोना, जो गुरुवार को 1,61,978 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, शुक्रवार को गिरकर 1,58,852 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यानी सोना एक झटके में 3,126 रुपए सस्ता हो गया।
Gold-Silver Price Crash: सोने का ऑल टाइम हाई 2,02,984 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा है। मौजूदा कीमत इस रिकॉर्ड स्तर से करीब 44 हजार रुपए कम है। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार और आयात शुल्क में बदलाव के कारण सोना-चांदी की कीमतों में यह उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।









