Wednesday, September 30, 2026
Home Madhya Pradesh Gajendra Singh Patel MP : बड़वानी सांसद गजेंद्र पटेल साइकिल से पहुंचे...

Gajendra Singh Patel MP : बड़वानी सांसद गजेंद्र पटेल साइकिल से पहुंचे कार्यालय; जिला अध्यक्ष से प्रेरित होकर दिया ‘ईंधन बचाओ’ का संदेश

Gajendra Singh Patel MP : बड़वानी। खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद गजेंद्र सिंह पटेल गुरुवार को एक नए अंदाज में नजर आए। वे अपने निवास से जेल रोड स्थित कार्यालय तक साइकिल चलाकर पहुंचे। सांसद की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जोड़कर देखा जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि यह कदम भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव के बुधवार को इलेक्ट्रिक स्कूटी से पार्टी कार्यालय पहुंचने के ठीक एक दिन बाद उठाया गया है।

ईंधन संकट और स्वास्थ्य का दिया हवाला कार्यालय पहुंचने पर सांसद पटेल ने “डीजल पेट्रोल बचाओ, देश बचाओ” का नारा दिया। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण उत्पन्न ईंधन संकट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को देखते हुए उन्होंने यह पहल की है। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग करें, जिससे न केवल विदेशी मुद्रा की बचत होगी और प्रदूषण कम होगा, बल्कि व्यक्तिगत स्वास्थ्य में भी सुधार होगा।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा और सवाल सांसद के इस अचानक उभरे ‘साइकिल प्रेम’ को लेकर स्थानीय स्तर पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। चर्चा इस बात की है कि प्रधानमंत्री की अपील लंबे समय से प्रभावी है, लेकिन सांसद को इसकी प्रेरणा जिला अध्यक्ष अजय यादव को मिली मीडिया कवरेज के बाद मिली। स्थानीय लोगों और राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा पहले से तैयार थी, क्योंकि मीडिया के पहुंचने से पहले ही फोटोशूट के लिए कैमरा एंगल निर्धारित कर लिए गए थे।

सांसद पटेल का अपने घर से कार्यालय तक का सफर मात्र कुछ सौ मीटर का था, जिसे उन्होंने फोटो खिंचवाने और संदेश देने के अवसर के रूप में उपयोग किया। फिलहाल, यह ‘साइकिल यात्रा’ जिले में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here