Indore Crime Branch Raid : इंदौर। शहर को नशा मुक्त करने के अभियान के तहत इंदौर क्राइम ब्रांच ने एक बड़े ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने वीआईपी रोड पर घेराबंदी कर एक कार से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स जब्त की है। शातिर तस्करों ने नशीले पदार्थों को छिपाने के लिए कार के हैंड ब्रेक के नीचे एक गुप्त चेंबर बना रखा था। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अकरम खान और उसके साथी जावेद उर्फ जग्गू को गिरफ्तार किया है।
गुप्त चेंबर में छिपा था मौत का सामान क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुटकेश्वर महादेव मंदिर के पास वीआईपी रोड पर एक हुंडई कार में नशे की बड़ी खेप आने वाली है। पुलिस ने जब संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली, तो शुरुआत में कुछ नहीं मिला। हालांकि, बारीकी से जांच करने पर हैंड ब्रेक के नीचे बने एक विशेष गुप्त बॉक्स से 20.78 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग्स की कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
ड्राइवर निकला मुख्य सप्लायर पकड़ा गया मुख्य आरोपी अकरम खान महज 10वीं पास है और पेशे से ड्राइवर है। उसने पूछताछ में कबूल किया कि कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के लालच में वह नशे की तस्करी के धंधे में उतर गया। अकरम का पिछला रिकॉर्ड भी आपराधिक रहा है, उस पर पहले से ही मारपीट और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। अकरम की निशानदेही पर पुलिस ने हातोद निवासी जावेद उर्फ जग्गू को भी गिरफ्तार किया है, जो इस नेटवर्क का अहम हिस्सा था।
सप्लाई चेन की जांच जारी एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस अब इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पकड़े गए आरोपियों से यह पता लगाया जा रहा है कि वे यह नशा कहाँ से लाते थे और शहर के किन-किन शिक्षण संस्थानों या युवाओं को इसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि इन गिरफ्तारियों से शहर में चल रहे अन्य ड्रग नेटवर्क्स का भी खुलासा होगा।









