हैदराबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत तेल आयात पर काफी हद तक निर्भर है और मौजूदा वैश्विक हालात का सीधा असर देश पर पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से पेट्रोल, डीजल और गैस की खपत कम करने की सलाह दी।
PM मोदी की 5 बड़ी अपील
1. एक साल तक सोना खरीदने से बचें
प्रधानमंत्री ने कहा कि सोने के आयात पर देश की बड़ी विदेशी मुद्रा खर्च होती है। ऐसे में देशहित में लोगों को कुछ समय तक सोना खरीदने और दान करने से बचना चाहिए।
2. पेट्रोल-डीजल की बचत करें
उन्होंने लोगों से बेवजह गाड़ियों का इस्तेमाल कम करने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने और कारपूलिंग को बढ़ावा देने की अपील की। पीएम ने कहा कि इससे ईंधन की बचत के साथ आर्थिक बोझ भी कम होगा। पीएम ने कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का असर भारत पर ज्यादा है। क्योंकि भारत में तेल के कुएं नहीं हैं। हमें फ्यूल बचाने की जरूरत है। इस समय हमें वर्क फ्रॉम होम जैसे उपायों को अपनाना चाहिए।
3. खाने के तेल की खपत घटाएं
प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि हर परिवार खाने के तेल का इस्तेमाल थोड़ा कम करे तो इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
4. प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दें
पीएम मोदी ने किसानों से रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने और प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह किया। उनका कहना था कि इससे खेती कम खर्चीली और टिकाऊ बनेगी।
5. विदेश यात्राएं फिलहाल टालें
बढ़ते वैश्विक संकट और महंगे ईंधन के बीच प्रधानमंत्री ने लोगों से गैरजरूरी विदेश यात्राएं कुछ समय के लिए टालने की सलाह दी।
बढ़ सकते हैं पेट्रोल-डीजल और गैस के दाम
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ता है तो कच्चे तेल की कीमतों में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है। इसका सीधा असर भारत में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों पर पड़ेगा।
हाल ही में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद अब घरेलू गैस सिलेंडर महंगे होने की आशंका भी बढ़ गई है। लगातार बढ़ती वैश्विक अनिश्चितता के बीच सरकार और आम लोगों दोनों के लिए आने वाले दिन चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं।