Friday, September 25, 2026
Home Madhya Pradesh Kantaphod Theft Case : देवास: ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ से 48 घंटे में सुलझी...

Kantaphod Theft Case : देवास: ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ से 48 घंटे में सुलझी शादी की चोरी, महिला आरोपी से 10 लाख के जेवर बरामद

Kantaphod Theft Case : कांटाफोड़ (देवास)। देवास जिले की कांटाफोड़ थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ और सामुदायिक पुलिसिंग की मदद से एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शादी समारोह में हुई लाखों की चोरी का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 10 लाख रुपये के सोने के आभूषण और नगदी बरामद कर ली गई है।

शादी की खुशियों के बीच हुई थी वारदात घटना 6 मई की है, जब एक महिला अपने भांजे आयुष राठौर की बारात में शामिल होने ‘द सुजान पब्लिक स्कूल’ आई थीं। कार्यक्रम के दौरान फरियादिया ने अपने गले का कीमती हार और झुमके निकालकर पर्स में रख दिए थे। कुछ ही देर में अज्ञात चोर ने नजर बचाकर पर्स से जेवर और नगदी पार कर दी। खुशियों के माहौल में इस चोरी से हड़कंप मच गया।

CCTV और WhatsApp ग्रुप ने दिलाई सफलता सूचना मिलते ही पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत आयोजन स्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध महिला का चेहरा स्पष्ट नजर आया। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और सामुदायिक पुलिसिंग का सहारा लेते हुए महिला की फोटो और वीडियो स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा किए। जनसहयोग और तकनीक के इस तालमेल से महिला की पहचान सुनिश्चित हुई और उसे घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया।

बरामदगी और पुलिस की कार्रवाई कड़ी पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 6.05 तोला सोने का हार, एक जोड़ी सोने के झुमके और 4,640 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद किए गए मशरूका (माल) की कुल बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब इस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here