Indore Traffic Police : इंदौर: इंदौर पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए आज पलासिया चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने न केवल आम वाहन चालकों, बल्कि रसूखदारों के खिलाफ भी कड़ा कदम उठाया। अभियान के दौरान पुलिस की टीम ने 100 से अधिक वाहनों पर चालानी कार्रवाई की।
बिना नंबर की फॉर्च्यूनर और अवैध नीली-पीली बत्ती चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार को रोका, जिस पर नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से पुलिस वाली नीली-पीली बत्ती लगी हुई थी। हैरान करने वाली बात यह थी कि कार पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं थी और शीशों पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म (काली फिल्म) चढ़ी हुई थी। पुलिस ने गाड़ी को तत्काल जब्त कर लिया है।
हजारों किमी चलने के बाद भी ऑटो पर नंबर नहीं अभियान के दौरान दो ऐसे ऑटो रिक्शा भी पकड़े गए, जो हजारों किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुके थे, लेकिन उन पर आज तक नंबर प्लेट नहीं लगाई गई थी। यातायात निरीक्षक अरविंद डांगी ने बताया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है, ताकि वे सुरक्षित सफर करें और चालानी कार्रवाई से बच सकें। इसके बावजूद लापरवाही बरतने वालों से अब सख्ती से जुर्माना वसूला जा रहा है।









