Raigarh Police Minor Rape Case : गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़: महिला और बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आर्यन सोनी (19 वर्ष), निवासी पार्क सिटी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
अक्टूबर में दिया था वारदात को अंजाम: पीड़िता की मां द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी आर्यन सोनी बालिका के स्कूल का सीनियर छात्र रहा है। अक्टूबर 2025 में जब 16 वर्षीय बालिका घर पर अकेली थी, तब आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद नवंबर में भी आरोपी ने दोबारा घिनौनी करतूत की कोशिश की। लोकलाज के डर से चुप रही पीड़िता ने तब चुप्पी तोड़ी जब आरोपी और उसके साथियों ने फोन पर गाली-गलौज और बदनाम करने की धमकी देना शुरू कर दिया।
पुलिस की कड़ी चेतावनी: मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी उन्नति ठाकुर और महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त की टीम ने फरार आरोपी की घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपी पर बीएनएस (BNS) और पॉक्सो एक्ट (POCSO) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है और अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।











