Saturday, September 26, 2026
Home National बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में बंपर वोटिंग! सुबह 11 बजे तक...

बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में बंपर वोटिंग! सुबह 11 बजे तक करीब 40% मतदान, कई जिलों में तनाव

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क :  पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए बुधवार सुबह से ही मतदान जारी है। राज्य की 142 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 11 बजे तक करीब 39.97 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जबकि पूर्वी वर्धमान जिले में सबसे अधिक 44.50 प्रतिशत वोटिंग हुई।

मतदान शुरू होने से पहले ही कई पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चुनाव आयोग ने इस चरण में कुल 1448 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर होने की जानकारी दी है।

सुरक्षा के बीच कई इलाकों में तनाव

चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए 8 जिलों में केंद्रीय सुरक्षा बलों की 2321 कंपनियां तैनात की हैं। इसके अलावा ड्रोन निगरानी, पुलिस पर्यवेक्षक और विशेष ऑब्जर्वर भी लगाए गए हैं। बावजूद इसके कई इलाकों से हिंसा, झड़प और हंगामे की खबरें सामने आईं।

नादिया जिले के शांतिपुर क्षेत्र में भाजपा ने बूथ नंबर 221 के पास बने अपने कैंप पर हमले का आरोप लगाया। वहीं दक्षिण 24 परगना के बसंती इलाके में BJP उम्मीदवार विकास सरदार पर हमला और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ का मामला भी सामने आया।

EVM खराबी और बूथों पर हंगामा

कई मतदान केंद्रों पर EVM मशीनों में खराबी के कारण वोटिंग प्रभावित हुई। हावड़ा और पूर्व बर्धमान के कुछ बूथों पर मशीन बदलने के बाद मतदान दोबारा शुरू कराया गया। कुछ जगह मतदाताओं ने नाराजगी भी जताई।

बंधवान विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार राकेश सिंह और तृणमूल नेताओं के बीच बहस और झड़प की खबर भी सामने आई, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

NIA तैनाती पर TMC का हमला

चुनाव के दौरान हिंसा और बमबाजी रोकने के लिए NIA की मौजूदगी को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया। TMC नेता शौकत मोल्ला ने आरोप लगाया कि एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को डराने के लिए किया जा रहा है।

वहीं अभिषेक बनर्जी ने चुनावी सुरक्षा व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि “अब बंगाल में सिर्फ राफेल जेट उतारना बाकी रह गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि जितनी सुरक्षा पाकिस्तान-बांग्लादेश सीमा पर होनी चाहिए, उससे ज्यादा बंगाल में लगा दी गई है।

भवानीपुर सीट पर सबसे ज्यादा नजर

इस चरण की सबसे चर्चित सीट भवानीपुर है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मैदान में हैं। उनका मुकाबला बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी से माना जा रहा है। राजनीतिक दलों की नजर इस सीट पर खास तौर पर टिकी हुई है।

पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के बाद अब दूसरे चरण के नतीजे राज्य की राजनीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here