Singrauli News: नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने गुरुवार देर रात शहर के प्रमुख बस स्टैंड का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं में गंभीर कमियां मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
बस स्टैंड परिसर में फैली गंदगी और सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने उपायुक्त आरपी बैंस को स्वास्थ्य अधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा संबंधित स्वच्छता निरीक्षक को निलंबित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
Singrauli News: निरीक्षण के दौरान सुलभ शौचालय की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर नियमित सफाई, पानी की उपलब्धता और रखरखाव सुधारने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो।
प्रकाश व्यवस्था की कमी को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने अंधेरे वाले स्थानों की पहचान कर तत्काल अतिरिक्त लाइट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मल्हार पार्क के सौंदर्यीकरण और परिसर के रखरखाव को भी प्राथमिकता देने को कहा।
स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के लिए डोर-टू-डोर स्वच्छता वाहनों के माध्यम से नियमित अनाउंसमेंट कराने और बस स्टैंड की सभी दुकानों में अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए, ताकि कचरे का पृथक्करण और उचित निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
Singrauli News: आयुक्त ने चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों और दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निरीक्षण में पाई गई कमियों को प्राथमिकता से दूर करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
Singrauli News: निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री संतोष पांडे, उपायुक्त आरपी बैंस, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, स्वच्छता निरीक्षक विशाल सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।











