YouTuber Manish Patel FIR Rewa : रीवा (4 फरवरी 2026)। कभी करवा चौथ, तो कभी देश के सैनिकों के परिवारों को लेकर विवादित वीडियो बनाने वाले यूट्यूबर मनीष पटेल एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। इस बार वैलेंटाइन डे को लेकर बनाए गए एक कंटेंट में ब्राह्मण समाज पर अमर्यादित और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में सिविल लाइंस पुलिस ने उनके विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
अधिवक्ताओं और समाज ने की थी शिकायत मनीष पटेल द्वारा सोशल मीडिया पर परोसे गए इस विवादित कंटेंट के बाद अधिवक्ताओं और ब्राह्मण समाज में भारी रोष व्याप्त था। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में बताया गया कि मनीष पटेल ने जानबूझकर सामाजिक सद्भाव को ठेस पहुँचाने और एक विशेष वर्ग को अपमानित करने के उद्देश्य से यह वीडियो बनाया है।
पुलिस की कार्यवाही: बीएनएस (BNS) की धाराओं में केस दर्ज मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइंस पुलिस ने मनीष पटेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1)(a) और 353(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
अधिकारियों और समाज का पक्ष
-
संदीप मिश्रा (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रीवा): “हमें इस कंटेंट क्रिएटर के विरुद्ध सोशल मीडिया पर विवादित और आपत्तिजनक सामग्री साझा करने की निरंतर शिकायतें मिल रही थीं। प्राथमिक जांच के बाद अपराध दर्ज कर लिया गया है।”

-
सतीश चौबे (प्रदेश महामंत्री, ब्राह्मण महासभा): “मनीष पटेल लगातार कंटेंट क्रिएशन के नाम पर समाज में नफरत फैलाने और सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। इस बार उनकी अभद्रता बर्दाश्त के बाहर थी, जिसके बाद हमने कानूनी रास्ता अपनाया है।”
गौरतलब है कि मनीष पटेल पहले भी अपने वीडियो के माध्यम से विभिन्न वर्गों की भावनाओं को आहत करने के आरोपों का सामना कर चुके हैं। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस आगामी वैधानिक कार्यवाही और गिरफ्तारी की तैयारी में है।











