Vice Presidential Election : देश के 17वें उपराष्ट्रपति पद के लिए आज संसद भवन में वोटिंग जारी है। सुबह 10 बजे से शुरू हुई प्रक्रिया शाम 5 बजे तक चलेगी और इसके बाद 6 बजे से मतगणना होगी। मुकाबला एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन और विपक्ष समर्थित बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच है। कुल 781 सांसद वोट डालने के हकदार हैं, जिनमें से अब तक 528 सांसद वोट डाल चुके हैं, यानी लगभग 67% मतदान पूरा हो चुका है।
Vice Presidential Election : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले वोट डालकर प्रक्रिया की शुरुआत की। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत कई दिग्गज नेताओं ने मतदान किया। खास बात यह रही कि इस दौरान संसद में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और बीजेपी नेता नितिन गडकरी हंसते हुए एक-दूसरे का हाथ पकड़े नजर आए। यह नजारा कैमरों में कैद होते ही चर्चा का विषय बन गया।
Vice Presidential Election
कांग्रेस की सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी अपने वोट डाले। वहीं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने दावा किया कि “एनडीए उम्मीदवार की जीत तय है, विपक्षी खेमे के कुछ सांसद भी अंतरात्मा की आवाज सुनकर राधाकृष्णन के पक्ष में वोट देंगे।”
इस बीच केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के जज रहते हुए उनके फैसले ने तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को आठ साल तक बढ़ाया, जिससे यह समस्या और गहरी हो गई।
अब सबकी निगाहें शाम 6 बजे शुरू होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जहां साफ हो जाएगा कि देश का अगला उपराष्ट्रपति कौन होगा।











