Nishaanebaz News Desk-Ayodhya Ram Mandir Management Change: राम मंदिर से जुड़े प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े बदलाव का सिलसिला जारी है। मंदिर में चंदा चोरी के मामले के बाद अब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से जिम्मेदारियों का नए सिरे से बंटवारा किया जा रहा है। मंदिर निर्माण से जुड़े प्रोजेक्ट मैनेजर जगदीश शंकर आफले को ट्रस्ट का पहला सचिव बनाए जाने के बाद अब CA नरपत डुकिया को मंदिर के संचालन एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।ट्रस्ट की ओर से 8 अगस्त 2026 को जारी पत्र के मुताबिक नरपत डुकिया को मंदिर संचालन एवं प्रबंधन इकाई का प्रमुख नियुक्त किया गया है। इस संबंध में ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन ने आदेश जारी किया है।
नरपत डुकिया के जिम्मे मंदिर की समग्र प्रशासनिक व्यवस्था का समन्वय रहेगा। उन्हें अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है।इसके साथ ही ट्रस्ट के निर्णयों को प्रभावी तरीके से लागू कराने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। ट्रस्ट की नई व्यवस्था में प्रशासनिक कामकाज को अधिक व्यवस्थित करने पर जोर दिया जा रहा है।
आचार्य इंद्रदेव मिश्र को भी मिली अहम जिम्मेदारी
ट्रस्ट ने आचार्य इंद्रदेव मिश्र को नरपत डुकिया का सहयोगी नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल दिसंबर 2026 तक रहेगा। इंद्रदेव मिश्र अयोध्या स्थित राम वेद विद्यालय के प्रधानाचार्य भी हैं।उन्हें मंदिर की धार्मिक गतिविधियों से जुड़ी अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। इसमें नित्य पूजन, यज्ञ, वैदिक अनुष्ठान और धार्मिक समिति के निर्देश के अनुसार विभिन्न उत्सवों एवं कार्यक्रमों का संचालन शामिल है।
Read more: CG News: बलरामपुर में 12 हजार की रिश्वत लेते पकड़ाया बाबू, कोर्ट से 3 साल की सजा के बाद नौकरी से बर्खास्त
जगदीश आफले बने थे ट्रस्ट के पहले सचिव
मंदिर प्रबंधन में बदलाव के तहत पिछले महीने जगदीश शंकर आफले को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला सचिव नियुक्त किया गया था। अब संचालन एवं प्रबंधन के लिए अलग जिम्मेदारी तय किए जाने से प्रशासनिक ढांचे को और स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है।चंदा चोरी के मामले के बाद मंदिर की व्यवस्थाओं और प्रशासनिक प्रक्रिया को लेकर चर्चा तेज हुई थी। नई व्यवस्था में धार्मिक गतिविधियों और प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारियों को अलग-अलग रखने पर जोर दिया जा रहा है।
आज CEO पद के लिए होगा इंटरव्यू
राम मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए चयन प्रक्रिया भी जारी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक 11 अगस्त को इस पद के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया जाएगा।CEO पद के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आने की बात सामने आई है। बताया गया है कि 5 हजार से अधिक लोगों ने आवेदन किया था, जिनमें से डेढ़ दर्जन से ज्यादा उम्मीदवारों को इंटरव्यू प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
चयन प्रक्रिया में गोपनीयता पर जोर
CEO पद के इंटरव्यू को लेकर राम मंदिर परिसर में सुरक्षा और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ट्रस्ट की कार्यकारिणी में CEO के साथ-साथ प्रवक्ता की नियुक्ति को लेकर भी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।अब निगाह इस बात पर है कि CEO पद पर किसकी नियुक्ति होती है और नई प्रशासनिक व्यवस्था के लागू होने के बाद राम मंदिर के संचालन में किस तरह के बदलाव देखने को मिलते हैं।

