UP Crime News : शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश। शाहजहांपुर के एक पॉश इलाके में रहने वाले करोड़पति कारोबारी सचिन ग्रोवर (35) ने अपनी पत्नी शिवांगी (30) और 4 साल के मासूम बेटे फतेह के साथ आत्महत्या कर ली। इस चौंकाने वाली घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है।
UP Crime News : घटना का विवरण
शाहजहांपुर के दुर्गा एन्क्लेव में रहने वाले सचिन ग्रोवर की गिनती शहर के बड़े कारोबारियों में होती थी। वह ‘पानीपत हैंडलूम’ नाम से दो शोरूम चलाते थे। मंगलवार को परिवार ने सचिन के घर में कोई हलचल नहीं देखी, जिसके बाद उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा। अंदर का दृश्य देख सभी के होश उड़ गए। सचिन और उनकी पत्नी शिवांगी के शव फंदे से लटके हुए थे, जबकि 4 साल के मासूम बेटे फतेह का शव दूसरे कमरे में पड़ा था। परिवार ने तत्काल दरवाजा तोड़कर तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुसाइड नोट में आर्थिक परेशानी का खुलासा
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि आत्महत्या से पहले सचिन की पत्नी शिवांगी ने अपनी मां को WhatsApp पर 36 पन्नों का एक लंबा सुसाइड नोट भेजा था। इस नोट में उन्होंने लिखा, “मेरी वजह से आप लोग परेशान रहते हैं। अब आप लोग आराम से रहिएगा।” नोट में साफ तौर पर आर्थिक तंगी और कर्ज की वजह बताई गई है, जिसमें मकान और गाड़ी का भारी कर्ज शामिल है।
सचिन के भाई-भाभी ने बताया कि मंगलवार शाम तक सब कुछ सामान्य था। उन्होंने कहा कि सचिन और उनकी पत्नी अपने बेटे के साथ मस्ती कर रहे थे और किसी तरह का कोई तनाव नहीं दिख रहा था। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है, खासकर सचिन की मां। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच कर रही है।











