Umang Singhar Barwani Visit : बड़वानी। मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार सोमवार को बड़वानी जिले के ग्राम कासेल पहुंचे। उन्होंने पूर्व गृहमंत्री और राजपुर विधायक बाला बच्चन की सुपुत्री प्रेरणा बच्चन के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। हालांकि, इस शोक संवेदना के बाद सिंगार ने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के मुद्दे पर प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया।
शोक संवेदना और समर्थन: उमंग सिंगार ने कहा कि यह बाला बच्चन के परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। शुक्रवार को इंदौर के रालामंडल में हुए सड़क हादसे में प्रेरणा बच्चन का निधन हो गया था। सिंगार ने कहा कि इस कठिन समय में पूरा कांग्रेस परिवार विधायक बाला बच्चन के साथ खड़ा है।
सरकार पर तीखा हमला: शोक व्यक्त करने के बाद मीडिया से चर्चा में उमंग सिंगार ने इंदौर की स्वच्छता रैंकिंग पर गंभीर सवाल उठाए:
-
स्वच्छता को बताया ‘फर्जी’: सिंगार ने आरोप लगाया कि इंदौर को मिले स्वच्छता अवॉर्ड ‘नकली दस्तावेजों’ के आधार पर हासिल किए गए हैं।
-
दूषित पानी से मौतें: उन्होंने दावा किया कि इंदौर के नलों से ‘जहर’ बह रहा है, जिससे 20 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने सवाल किया कि लगातार 8 बार सबसे साफ शहर रहने वाले शहर में लोग गंदा पानी पीने को मजबूर क्यों हैं?
-
बुनियादी अधिकारों की अनदेखी: नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक मुद्दों का सहारा लेती है, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छ पानी जैसे बुनियादी अधिकार हाशिये पर हैं। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या दूषित पानी से जान गंवाने वाले लोग हिंदू नहीं थे?











